Delhi Meerut Expressway: दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर खड़ी कार में टियागो ने मारी टक्कर, दो घायल
नोएडा। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर सेक्टर-62 के पास मंगलवार सुबह सड़क किनारे खराब होने के बाद खड़ी कार में पीछे से आ रही टाटा टियागो ने टक्कर मार दी। हादसे के समय खराब कार को ठीक कर रहे दो लोग टक्कर की चपेट में आकर घायल हो गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
मेरठ के बुनकर नगर निवासी फैजान अपने साथी जीशान और दो कामगारों के साथ आई-20 कार से दिल्ली जा रहे थे। सेक्टर-62 के पास अचानक उनकी कार में खराबी आ गई। इसके बाद फैजान और जीशान ने कार को सड़क किनारे रोककर बोनट खोला और खराबी ठीक करने का प्रयास करने लगे। दोनों कामगार कार से कुछ दूरी पर खड़े थे।
इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रही टाटा टियागो कार ने सड़क किनारे खड़ी आई-20 में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार को ठीक कर रहे फैजान और जीशान इसकी चपेट में आ गए और सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा। थाना प्रभारी अमित कुमार के अनुसार फैजान के बाएं पैर में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि जीशान के हाथ और पैर में चोट आई है। दोनों का अस्पताल में उपचार कराया गया।
हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर रास्ता साफ कराया, जिसके बाद यातायात व्यवस्था सामान्य हो गई। पुलिस हादसे के संबंध में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।


