Hapur News : हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर अठसैनी रोड स्थित बीकानेरवाला रेस्टोरेंट में खाने की गुणवत्ता को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है। बक्सर गांव की रहने वाली चाहत नुमा सोमवार दोपहर रेस्टोरेंट में खाना खाने पहुंची थीं। उन्होंने नूडल्स ऑर्डर किया था, लेकिन खाने के दौरान उन्हें उसमें कीड़ा दिखाई दिया।
महिला ने तुरंत इसकी शिकायत रेस्टोरेंट के कर्मचारियों से की, लेकिन आरोप है कि समाधान करने की बजाय कर्मचारियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। इससे नाराज होकर महिला ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग को जानकारी दी।
सूचना मिलने पर देर रात खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम रेस्टोरेंट पहुंची और जांच पड़ताल की। टीम ने मौके से नूडल्स सहित दो अलग-अलग खाद्य पदार्थों के नमूने लिए हैं। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है।
खाद्य सुरक्षा आयुक्त चंद्रशेखर मिश्र ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच की गई है और रेस्टोरेंट प्रबंधन को साफ-सफाई व्यवस्था में सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि लैब रिपोर्ट आने के बाद ही खाने की गुणवत्ता की सही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


