Hapur News : हापुड़ में अंतर्राष्ट्रीय सांकेतिक भाषा सप्ताह के अवसर पर नगर पालिका परिषद परिसर से यातायात जागरूकता रैली निकाली गई। यह रैली बधिर कल्याण संघ हापुड़ द्वारा यातायात पुलिस और डिसएबल्ड हेल्पलाइन फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित की गई। रैली का उद्देश्य आम लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना और मूक बधिर वाहन चालकों के अधिकारों को लेकर समाज में जागरूकता फैलाना रहा।

रैली को पुलिस अधीक्षक ज्ञानंजय सिंह, डिसएबल्ड हेल्पलाइन फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित विकास शर्मा और नगर पालिका अध्यक्ष पुष्पा देवी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान एसपी ने कहा कि सड़क पर चलते समय दिव्यांग और बधिर चालकों के प्रति संवेदनशीलता बरतनी चाहिए और यातायात नियमों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में पंडित विकास शर्मा ने बताया कि सरकार नियमानुसार योग्यता पूरी करने वाले मूक बधिर लोगों को भी ड्राइविंग लाइसेंस जारी करती है और उन्हें वाहन चलाने का पूरा अधिकार है। रैली के माध्यम से ऐसे वाहनों की पहचान के लिए सांकेतिक चिन्हों के प्रचार पर जोर दिया गया। बधिर प्रतिनिधि मनीष पवांर और रितेश गोयल ने कहा कि इस अभियान से मूक बधिर चालकों को सड़क पर अलग पहचान मिलेगी। इस मौके पर सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी, यातायात प्रभारी नरेश चौधरी समेत कई पुलिसकर्मी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।


