Smack Trafficking: दिल्ली-NCR में बेचते थे स्मैक, चार आरोपी गिरफ्तार; 12 लाख रुपये का मादक पदार्थ बरामद

Smack Trafficking: दिल्ली-NCR में बेचते थे स्मैक, चार आरोपी गिरफ्तार; 12 लाख रुपये का मादक पदार्थ बरामद

नोएडा। ग्रेटर नोएडा की दादरी थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से 115.90 ग्राम स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा आरोपियों के पास से 2,700 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस ने चारों आरोपियों को शनिवार को अजायबपुर क्षेत्र में एक भट्टे के सामने बनी कोठरी से गिरफ्तार किया। पुलिस को यहां मादक पदार्थों से जुड़ी गतिविधि होने की गोपनीय सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को पकड़ लिया।

डीसीपी ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील उर्फ सुमित, हर्ष रावल, मोहित रावल और राजीव के रूप में हुई है। चारों आरोपी दादरी क्षेत्र के घोड़ी बछेड़ा गांव के रहने वाले हैं और उनकी उम्र करीब 23 से 26 वर्ष के बीच है।

पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपियों ने दिल्ली से कम कीमत पर स्मैक खरीदकर लाने की जानकारी दी है। इसके बाद आरोपी स्मैक की छोटी-छोटी पुड़िया तैयार करते थे और कथित तौर पर दिल्ली-NCR के अलग-अलग इलाकों में नशे के आदी लोगों को बेचते थे।

पुलिस के अनुसार स्मैक बेचकर मिलने वाली रकम को आरोपी आपस में बांट लेते थे। आरोप है कि इस अवैध कमाई का इस्तेमाल वे अपने निजी खर्चों और मौज-मस्ती के लिए करते थे। पुलिस अब आरोपियों के पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।

जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी दिल्ली में किस व्यक्ति या नेटवर्क से स्मैक खरीदते थे और दिल्ली-NCR में किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जाती थी। आरोपियों के संपर्क में रहे अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और मादक पदार्थों के स्रोत का पता लगाने के लिए जांच जारी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img