Toy Pistol Gang: खिलौना पिस्टल दिखाकर मोबाइल और सामान लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार

Toy Pistol Gang: खिलौना पिस्टल दिखाकर मोबाइल और सामान लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार

नोएडा। सेक्टर-63 थाना पुलिस ने खिलौना पिस्टल और चाकू दिखाकर राहगीरों से मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य सामान लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो युवक एक एक्सपोर्ट कंपनी में नौकरी करते हैं, जबकि दो अन्य कोई काम नहीं करते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 24 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, आठ हजार रुपये नकद, एक चाकू, खिलौना पिस्टल और वारदातों में इस्तेमाल की जाने वाली दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं।

डीसीपी शैलेंद्र कुमार सिंह के मुताबिक लखीमपुर खीरी जिले के गोला गोकर्ण निवासी ऋषि राठी ने 16 सितंबर को सेक्टर-63 थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। ऋषि ने पुलिस को बताया कि वह शाम करीब चार बजे कंपनी से काम खत्म करने के बाद अपने कमरे पर जा रहे थे। सेक्टर-63 में मेट्रो पिलर नंबर-32 के पास दो युवकों ने उनका बैग छीन लिया और फरार हो गए।

बैग में कंपनी का लैपटॉप, चार्जर, मोबाइल फोन, पैन कार्ड, आधार कार्ड और डेबिट कार्ड समेत अन्य सामान था। आरोप है कि बदमाशों ने वारदात के कुछ समय बाद ही पीड़ित के डेबिट कार्ड का इस्तेमाल कर बैंक खाते से 11,600 रुपये निकाल लिए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर घटना के खुलासे के लिए अलग-अलग टीमों को लगाया।

जांच के दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने गुरुवार को एफएनजी गोल चक्कर से बहलोलपुर अंडरपास की तरफ जाने वाली सर्विस रोड पर चार संदिग्ध युवकों को पकड़ लिया। उनकी पहचान बुलंदशहर जिले के दौलतपुर गांव निवासी गर्वित गोयल, दिल्ली के पांडव नगर निवासी अमन तथा गाजियाबाद की खोड़ा कॉलोनी निवासी रोहित कुमार और हर्ष कुमार के रूप में हुई।

पुलिस पूछताछ में हर्ष ने बताया कि वह और रोहित सेक्टर-11 स्थित एक एक्सपोर्ट कंपनी में नौकरी करते हैं। दोनों काफी समय से गर्वित और अमन को जानते हैं और चारों अक्सर साथ घूमते-फिरते थे। पुलिस के मुताबिक गर्वित और अमन कोई नौकरी नहीं करते थे। आरोप है कि घूमने-फिरने और अन्य खर्चों को पूरा करने के लिए चारों ने राहगीरों से झपटमारी और लूटपाट शुरू कर दी।

आरोपियों के कब्जे से ऋषि राठी से लूटा गया मोबाइल फोन और लैपटॉप भी बरामद किया गया है। इसके अलावा पुलिस को 23 अन्य मोबाइल फोन मिले हैं। अब इन मोबाइल फोन के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है कि उन्हें कहां और किन लोगों से लूटा या छीना गया था। चारों आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी वारदात के दौरान लोगों को डराने के लिए अपने पास चाकू और असली पिस्टल जैसी दिखने वाली खिलौना पिस्टल रखते थे। आरोप है कि वे गोली मारने की धमकी देकर मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य सामान छीन लेते थे। इसके बाद लूटे गए सामान को राह चलते लोगों के सामने आर्थिक मजबूरी का बहाना बनाकर कम कीमत पर बेच देते थे।

पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि चारों आरोपियों ने मिलकर बुधवार शाम कंपनीकर्मी से बैग छीना था। आरोपियों ने चाकू और खिलौना पिस्टल दिखाकर पीड़ित को डराया और उसके डेबिट कार्ड का पासवर्ड भी पूछ लिया था। इसके बाद कार्ड से 11,600 रुपये निकाल लिए गए। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने इसमें से दो-दो हजार रुपये आपस में बांट लिए, जबकि शेष रकम खाने-पीने में खर्च कर दी।

पुलिस अब बरामद सभी मोबाइल फोन से संबंधित मामलों की जानकारी जुटाने के साथ यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गिरोह ने नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में कितनी अन्य वारदातों को अंजाम दिया है। जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

 

Hot this week

Gorakhpur : गुरु गोरखनाथ का पूजन कर विजयादशमी शोभायात्रा निकालेंगे गोरक्षपीठाधीश्वर

Gorakhpur : विजयादशमी (दशहरा) का पावन पर्व गोरक्षपीठ की...

Varanasi : एयर शो के लिए संवर रही काशी, दीवारों पर उकेरी जा रही गंगा घाटों की छटा

Varanasi : प्रस्तावित एयर शो के मद्देनजर योगी सरकार...

Lucknow : योगी सरकार में समावेशी शिक्षा को नई दिशा, प्रशस्त 2.0 से जुड़े 9.20 लाख शिक्षक

Lucknow : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर...

Topics

Lucknow : योगी सरकार में समावेशी शिक्षा को नई दिशा, प्रशस्त 2.0 से जुड़े 9.20 लाख शिक्षक

Lucknow : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर...
spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img