Hapur News : बदनौली में युवक की मौत के बाद गांव में तनाव, पीड़ित परिजनों से मिले रवि गौतम को पुलिस ने रोका

Hapur News : हापुड़ के थाना हापुड़ नगर क्षेत्र के बदनौली गांव में रविवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब युवा शक्ति दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि गौतम पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। गांव में पहले से पुलिस बल तैनात था। पुलिस ने उन्हें प्रवेश द्वार पर ही रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह दूसरे रास्ते से गांव के भीतर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस ने उन्हें आगे जाने से रोक दिया, जिसको लेकर पुलिस और समर्थकों में कुछ देर तक कहासुनी भी हुई।

बाद में कोतवाली सिटी इंस्पेक्टर दीपक चतुर्वेदी और कोतवाली प्रभारी सुरेश कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने रवि गौतम को गांव से बाहर लाकर सुरक्षा घेरे में मृतक दीपक के पिता और भाई से मुलाकात कराई। इस दौरान रवि गौतम ने परिवार को सांत्वना दी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।

दरअसल 4 सितंबर की सुबह पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों में विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों तरफ से फायरिंग व पथराव होने लगा। इसमें दीपक उर्फ गोलू, बंटी उर्फ विजय और मुनेश गोली लगने से घायल हो गए थे, जबकि अंकित को ईंट लग गई थी। इलाज के दौरान रविवार को दीपक ने दम तोड़ दिया।

इस पूरे मामले में पुलिस ने 13 नामजद सहित 15 से 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब तक 9 आरोपियों को हिरासत में ले चुकी है। सीओ दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि बाकी फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है और गांव में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त फोर्स लगाई गई है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img