Illegal Encroachment: ग्रेटर नोएडा में सरकारी जमीन पर कब्जे का प्रयास, पूर्व प्रधान समेत पांच पर केस दर्ज
नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की अधिग्रहित जमीन पर अवैध कब्जा कर निर्माण कराने के आरोप में पूर्व ग्राम प्रधान समेत पांच लोगों के खिलाफ बिसरख कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि प्राधिकरण की टीम द्वारा निर्माण कार्य रुकवाए जाने के बावजूद आरोपियों ने अगले दिन दोबारा जमीन पर निर्माण शुरू करा दिया।
प्राधिकरण अधिकारियों के मुताबिक बिसरख गांव के खसरा नंबर-666 में करीब 10 हजार वर्ग मीटर जमीन प्राधिकरण की है। आरोप है कि गांव के कुछ लोग इस जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे। करीब 10 दिन पहले जमीन पर अवैध रूप से निर्माण शुरू किया गया था। इसकी जानकारी मिलने पर प्राधिकरण की टीम मौके पर पहुंची और निर्माण कार्य रुकवा दिया।
आरोप है कि कार्रवाई के बावजूद अगले ही दिन दोबारा जमीन पर निर्माण शुरू करा दिया गया। इसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सहायक प्रबंधक रियाजुद्दीन ने बिसरख कोतवाली में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
शिकायत में बताया गया कि खसरा नंबर-666 की संबंधित भूमि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में आती है। जमीन का अधिग्रहण पहले ही हो चुका है और उस पर प्राधिकरण का कब्जा भी है। इसके बावजूद कुछ लोगों द्वारा प्लॉटिंग करने वालों के साथ मिलकर जमीन पर चहारदीवारी का निर्माण कराया जा रहा था।
बिसरख कोतवाली के कार्यवाहक प्रभारी सतेंद्र कुमार ने बताया कि प्राधिकरण के सहायक प्रबंधक की शिकायत के आधार पर अरविंद, मोहित, पूर्व प्रधान अजय भाटी, संजय और राहुल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


