APJ Abdul Kalam: नोएडा कांग्रेस ने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम को दी श्रद्धांजलि
APJ Abdul Kalam: नोएडा कांग्रेस ने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम को दी श्रद्धांजलि
नोएडा। सेक्टर-15 स्थित नया बांस में नोएडा महानगर कांग्रेस कमेटी के कार्यालय पर देश के पूर्व राष्ट्रपति और मिसाइल मैन के नाम से प्रसिद्ध डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने डॉ. कलाम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान दो मिनट का मौन रखकर उनके व्यक्तित्व, राष्ट्रसेवा और राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद किया गया।
नोएडा महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुकेश यादव ने कहा कि डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम ने अपने ज्ञान, सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा से देश को नई दिशा देने का काम किया। उन्होंने कहा कि डॉ. कलाम का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने देश के युवाओं को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए लगातार मेहनत करने की प्रेरणा दी।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कुंवर नूर मोहम्मद और अल्पसंख्यक कांग्रेस के वरिष्ठ नेता लियाकत चौधरी ने कहा कि डॉ. कलाम ने जाति, धर्म और राजनीति से ऊपर उठकर देश की सेवा की। उनका व्यक्तित्व भारत की एकता, वैज्ञानिक सोच और मानवीय मूल्यों का प्रतीक था। नेताओं ने कहा कि देश के वैज्ञानिक विकास और युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने में डॉ. कलाम का योगदान हमेशा याद किया जाएगा।
कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डॉ. कलाम के आदर्शों और उनके विचारों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि उनका सादगीपूर्ण जीवन और देश के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों को लंबे समय तक प्रेरित करता रहेगा।
