25 हजार क्रेडिट कार्ड धारकों ने अपने क्रेडिट कार्ड कराए बंद

अमर सैनी

नोएडा। भारी ब्याज से परेशान होकर पिछले वित्तीय वर्ष में करीब 25 हजार क्रेडिट कार्ड धारकों ने अपने क्रेडिट कार्ड बंद कर दिए हैं। इसके पीछे बैंक अधिकारियों ने कई कारण बताए हैं। इसका मुख्य कारण इस पर लगने वाला ब्याज बताया जाता है। एक तरफ जहां क्रेडिट कार्ड की संख्या लगातार बढ़ रही है, वहीं दूसरी तरफ ऐसे लोग भी सामने आ रहे हैं जो इस पर लगने वाले ब्याज से परेशान हैं।
जिले में पांच लाख से अधिक सक्रिय क्रेडिट कार्ड हैं। धीरे-धीरे ये संख्या बढ़ती जा रही है। जाहिर है, क्रेडिट कार्ड पर ब्याज तभी लगाया जाता है जब उपभोक्ता क्रेडिट कार्ड का पूरा बिल नहीं चुकाता है या जब आप नकद अग्रिम लेते हैं। सबसे ज्यादा ब्याज तभी लगता है जब उपभोक्ता लंबे समय तक पैसा जमा नहीं करते हैं, ऐसी स्थिति में बैंक भारी ब्याज वसूलते हैं। क्रेडिट कार्ड रद्द करने वालों में वे लोग भी शामिल हैं जिन्होंने लंबे समय से अपने बिल का भुगतान नहीं किया था। लेकिन आख़िरकार भुगतान करने के बाद उन्होंने क्रेडिट कार्ड बंद करवा दिया। लीड बैंक मैनेजर विदुर भल्ला का कहना है कि क्रेडिट कार्ड बंद करने में कई तरह के लोग शामिल हैं, सबसे पहले वे जिन्होंने ब्याज को कारण बताकर कार्ड बंद कराया। दूसरा, जिसे किसी दूसरे बैंक से अच्छा ऑफर मिला हो। इसके अलावा इनमें वे उपभोक्ता भी शामिल हैं जो एक से अधिक क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करते हैं और इस वजह से उन्होंने क्रेडिट कार्ड बंद कर दिए हैं। क्रेडिट कार्ड बंद करने में कोई नुकसान नहीं है। अगर आपको लगता है कि आप क्रेडिट कार्ड का बिल नहीं चुका पा रहे हैं तो इसे बंद किया जा सकता है। कई लोग अपने क्रेडिट स्कोर को दुरुस्त रखने के लिए भी ऐसा करते हैं।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img