प्लॉट बेचने के नाम पर करोड़ों ठगने वाला गिरफ्तार

अमर सैनी

नोएडा। फेज-3 पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर प्लॉट बेचने के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी फुरकान को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की टीमें उसके अन्य साथियों की तलाश में दबिश दे रही हैं।
पीड़ित योगेंद्र कुमार ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उसकी पेंट की दुकान है। उनके दो भाई भी पेंट की दुकान करते हैं। गाजियाबाद निवासी अमित राजपूत, दिल्ली निवासी फुरकान, उसका बेटा वसीम और बुलंदशहर के बझैड़ा गांव निवासी रोहित शर्मा अपने अन्य साथियों के साथ उनकी दुकान पर आते थे। योगेंद्र के भाई की चारों से दोस्ती हो गई। चारों ने योगेंद्र से कहा कि उसकी गढ़ी चौखंडी गांव में आबादी की भूमि है, जिसे वह बेहद कम दाम में दे देंगे। यह भूमि प्रमोद और विनोद की है। अमित राजपूत समेत अन्य लोगों ने प्रमोद और विनोद का आधार और पैन कार्ड भी दिखाया। झांसे में आने के बाद योगेंद्र ने आरोपियों से 1269.19 वर्ग मीटर भूमि का सौदा 1.21 करोड़ रुपये में तय कर लिया। इसके बाद योगेंद्र और उनके पुत्र निखिल चौहान ने तीन बैनामे कराए। आरोप है कि बैनामे के दौरान मिले चेक आरोपियों ने बैनामा करने वाले के खाते में न डालकर शपथपत्र के माध्यम से नकद प्राप्त कर लिए। इसके अलावा दिल्ली के व्यक्ति को 35 लाख रुपये में चौथा बैनामा करा दिया। बाद में पीड़ित को पता चला कि सभी आरोपियों ने धोखाधड़ी करके उनके साथ करीब 1.32 करोड़ रुपये का गबन किया है। आरोप है कि चारों ने प्रमोद और विनोद के नाम पर कोई फर्जी व्यक्ति खड़े करके सभी प्लॉट का बैनामा कराया। आरोपियों ने योग्रेंद्र, उसके भाइयों और रिश्तेदारों के साथ लगभग 11 से 12 करोड़ रुपये का फर्जीवाड़ा किया है। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की दबिश जारी है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img