Jagannath Rath Yatra: सेक्टर-18 से इस्कॉन मंदिर तक निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, हरिनाम संकीर्तन से गूंजा नोएडा

Jagannath Rath Yatra: सेक्टर-18 से इस्कॉन मंदिर तक निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, हरिनाम संकीर्तन से गूंजा नोएडा
नोएडा। इस्कॉन नोएडा द्वारा आयोजित भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा ने गुरुवार को पूरे शहर को भक्तिमय वातावरण में सराबोर कर दिया। सेक्टर-18 से शुरू हुई इस धार्मिक यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस अवसर पर लगभग 50 फीट ऊंचा विशेष रथ श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा, जिसे इस्कॉन नोएडा के इंजीनियर भक्तों ने आधुनिक तकनीक के साथ तैयार किया था। इसकी ऊंचाई आवश्यकता के अनुसार कम और अधिक की जा सकती थी।
फूलों से सुसज्जित इस भव्य रथ पर भगवान जगन्नाथ, उनके बड़े भाई बलदेव और बहन सुभद्रा विराजमान थे। यात्रा शुरू होने से पहले भगवान की विधिवत आरती की गई और नारियल फोड़कर शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही भगवान को 56 प्रकार के सात्विक व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया, जिसमें भारतीय और विदेशी व्यंजन भी शामिल थे।
रथयात्रा प्रारंभ होते ही पूरा मार्ग “जय जगन्नाथ” और “हरे कृष्ण” महामंत्र के जयघोष से गूंज उठा। भजन-कीर्तन, हरिनाम संकीर्तन, नृत्य और श्रद्धालुओं की भारी भागीदारी ने पूरे आयोजन को आध्यात्मिक उत्सव में बदल दिया। लगभग आधा किलोमीटर लंबा जुलूस सेक्टर-18 गुरुद्वारे से निकलकर सेक्टर-18 मेट्रो स्टेशन, अट्टा मार्केट, सब मॉल चौक, डीएम चौक, सेक्टर-20, 21, 25, 26 चौक और अडोब चौक होते हुए इस्कॉन नोएडा मंदिर पहुंचा।
पूरे मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ की रंगोली बनाकर रथयात्रा का स्वागत किया। जगह-जगह प्रसाद वितरण किया गया और श्रद्धालुओं ने भक्ति गीतों पर नृत्य करते हुए यात्रा में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
आयोजकों ने बताया कि भगवान जगन्नाथ को अत्यंत कृपालु स्वरूप माना जाता है, क्योंकि वे स्वयं रथ पर विराजमान होकर अपने भक्तों को दर्शन देने नगर भ्रमण करते हैं। इस वर्ष आयोजित रथयात्रा इस्कॉन की स्थापना के 60 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में विशेष रूप से आयोजित की गई।
रथयात्रा में गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा और विधायक पंकज सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं इस्कॉन के संस्थापकाचार्य श्रील प्रभुपाद के निजी शिष्य परम पूज्य लोकनाथ स्वामी महाराज तथा उनके अमेरिकी शिष्य परम पूज्य श्री कृष्ण चैतन्य स्वामी महाराज ने विशेष हरिनाम संकीर्तन प्रस्तुत किया।
इस धार्मिक आयोजन में अमेरिका, कनाडा, रूस, फ्रांस और ऑस्ट्रेलिया सहित कई देशों से आए भक्तों ने भी भाग लिया। देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने रथयात्रा को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप प्रदान किया और पूरा शहर भक्ति, संस्कृति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर नजर आया।





