Uttar Pradesh : बुलंदशहर में सिपाही ने सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर की आत्महत्या, तीन महीने पहले हुई थी जॉइनिंग

Bulandshahar (अवनीश त्यागी) : बुलंदशहर जनपद के औरंगाबाद क्षेत्र में गुरुवार तड़के करीब 3 बजे लखावटी फैंटम पर तैनात सिपाही ने अपनी सर्विस राइफल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना लखावटी पुलिस चौकी क्षेत्र के अंतर्गत हुई।

मृतक सिपाही की पहचान सुधीर ठाकुर, 25 वर्ष, पुत्र जगवीर के रूप में हुई है। वह मूल रूप से आगरा जिले के इरादतनगर क्षेत्र के ग्राम संगेचा के निवासी थे। सुधीर ने उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती के तहत करीब तीन महीने पहले औरंगाबाद में ड्यूटी जॉइन की थी और उनकी तैनाती लखावटी चौकी पर थी।

साथी सिपाही सौरभ के अनुसार सुधीर पिछले कई दिनों से पारिवारिक कारणों से तनाव में थे। गुरुवार तड़के वह राइफल लेकर लखावटी नहर की तरफ चले गए। सौरभ उनके पीछे गए तो सुधीर ने उन्हें रोकने को कहा। कहासुनी के दौरान सुधीर ने हवा में फायरिंग कर दी और खुद को गोली मारने की धमकी दी। सौरभ ने तुरंत भागकर चौकी इंचार्ज को सूचना दी। इसी बीच सुधीर ने गर्दन पर राइफल सटाकर गोली चला ली और वह खून से लथपथ सड़क पर गिर पड़े।

सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज रामेश्वर दयाल शर्मा, एसएसपी दिनेश कुमार और थाना प्रभारी राहुल चौधरी पुलिस बल और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना की जानकारी मिलने परिजन आगरा से बुलंदशहर के लिए रवाना हो गए।

पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का कारण पारिवारिक तनाव बताया जा रहा है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img