राज्यराज्यहरियाणा

PM Narendra Modi: 17 जुलाई को जींद दौरे पर आएंगे प्रधानमंत्री, देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को दिखाएंगे हरी झंडी

PM Narendra Modi: 17 जुलाई को जींद दौरे पर आएंगे प्रधानमंत्री, देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को दिखाएंगे हरी झंडी

रिपोर्ट: कोमल रमोला

चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने घोषणा की है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को जींद का दौरा करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री जींद से सोनीपत तक देश की पहली हाइड्रोजन संचालित ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दिन हरियाणा के विकास और देश के रेलवे इतिहास के लिए ऐतिहासिक साबित होगा।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जींद के लोक निर्माण विश्राम गृह में पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान प्रदेश को करोड़ों रुपये की कई विकास परियोजनाओं की भी सौगात मिलेगी। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से राज्य के विकास को नई गति मिलेगी और लोगों को सीधा लाभ पहुंचेगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि जींद में आयोजित होने वाली यह रैली पूरी तरह इको-फ्रेंडली होगी। प्रधानमंत्री के पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए रैली में आने वाले लोगों को अधिक से अधिक इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके अलावा सीएनजी वाहन और ई-रिक्शा का भी उपयोग किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण एलईडी स्क्रीन के माध्यम से हरियाणा के विभिन्न निर्धारित स्थानों पर किया जाएगा, ताकि लाखों लोग कार्यक्रम से जुड़ सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत की वैश्विक पहचान मजबूत हुई है और हरियाणा ने भी विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। आज प्रदेश का प्रत्येक जिला राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़ चुका है।

दौरे की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री ने जींद रेलवे स्टेशन और प्रस्तावित सभा स्थल हुड्डा ग्राउंड का निरीक्षण भी किया। इसके बाद उन्होंने मंत्रियों, विधायकों, वरिष्ठ अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री के दौरे से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं तय समय सीमा के भीतर पूरी की जाएं। उन्होंने सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, बिजली, पेयजल, स्वच्छता, पार्किंग, बैरिकेडिंग, चिकित्सा सुविधाओं और अन्य सभी व्यवस्थाओं को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन को सुनिश्चित करें।

 

Related Articles

Back to top button