उत्तर प्रदेशराज्य

Noida Crime: आईटीबीपी अधिकारी से मोबाइल छीनने की कोशिश नाकाम, एक बदमाश गिरफ्तार

Noida Crime: आईटीबीपी अधिकारी से मोबाइल छीनने की कोशिश नाकाम, एक बदमाश गिरफ्तार

नोएडा : ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र में यमाहा चौक के पास आईटीबीपी के एक एएसआई से मोबाइल छीनने का प्रयास बदमाशों पर ही भारी पड़ गया। वारदात के दौरान छीनाझपटी में बदमाशों की बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई, जिसके बाद अधिकारी ने एक आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है, जबकि उसके दो साथी अभी फरार हैं।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिहार निवासी सिद्धार्थ कुमार उर्फ शिवम के रूप में हुई है। प्रभारी निरीक्षक रणजीत कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी कब्जे में ले ली गई है।

जानकारी के मुताबिक हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के जुरासीकला गांव निवासी और आईटीबीपी में एएसआई हंसराज सोमवार को बॉटेनिकल गार्डन से ऑटो में सवार होकर यमाहा चौक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन बदमाश उनके पास पहुंचे और मोबाइल फोन छीनने का प्रयास किया।

मोबाइल छीनने के दौरान हुई छीनाझपटी में बदमाशों की बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर गए। इसका फायदा उठाते हुए एएसआई ने एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी भागने में सफल रहे।

पुलिस फरार दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button