Noida International Airport: जेवर एयरपोर्ट से 16 शहरों के लिए डायरेक्ट फ्लाइट शुरू, बढ़ेगी कनेक्टिविटी

Noida International Airport: जेवर एयरपोर्ट से 16 शहरों के लिए डायरेक्ट फ्लाइट शुरू, बढ़ेगी कनेक्टिविटी
नोएडा : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (एनआईए) ने अपनी हवाई सेवाओं का विस्तार करते हुए अब देश के 16 शहरों से सीधी कनेक्टिविटी शुरू कर दी है। एक जुलाई से एयरपोर्ट पर रोजाना करीब 45 उड़ानों का संचालन होगा। नई सेवाओं के शुरू होने से यात्रियों को बेहतर यात्रा सुविधा मिलने के साथ क्षेत्रीय विकास और निवेश को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
अब तक एयरपोर्ट से इंडिगो और अकासा एयर की कुल 12 उड़ानें संचालित हो रही थीं, जिनमें छह आगमन और छह प्रस्थान की फ्लाइट शामिल थीं। ये उड़ानें नवी मुंबई, जम्मू, अमृतसर, हैदराबाद और बेंगलुरु जैसे शहरों के लिए संचालित की जा रही थीं।
एक जुलाई से मुंबई, श्रीनगर, जम्मू, बरेली, भोपाल, देहरादून, धर्मशाला, चंडीगढ़, जयपुर, जोधपुर, किशनगढ़, लखनऊ और पंतनगर सहित 16 शहरों के लिए सीधी उड़ानें शुरू कर दी गई हैं। पहली फ्लाइट सुबह 6:40 बजे जबकि अंतिम उड़ान शाम करीब 7:55 बजे संचालित होगी।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण में एक रनवे और एक आधुनिक टर्मिनल का निर्माण किया गया है जिसकी वार्षिक यात्री क्षमता लगभग 1.2 करोड़ है। भविष्य में यहां छह रनवे और कई टर्मिनल विकसित किए जाएंगे, जिससे इसे देश के सबसे बड़े एयरपोर्ट हब के रूप में विकसित किया जा सके।
एयरपोर्ट के आसपास एयरोसिटी, लॉजिस्टिक्स पार्क, कार्गो कॉम्प्लेक्स और औद्योगिक क्षेत्रों का विकास भी प्रस्तावित है। इससे यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में निवेश, उद्योग और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।





