राज्यउत्तर प्रदेशराज्य

Uttar Pradesh : कांवड़ यात्रा से पहले जलभराव खत्म करने को लेकर सांसद अरुण गोविल ने डीएम को लिखा पत्र

Hapur/Meerut : आगामी पवित्र कांवड़ यात्रा को निर्विघ्न और सुरक्षित संपन्न कराने के लिए हापुड़-मेरठ लोकसभा क्षेत्र के सांसद अरुण गोविल ने बड़ा कदम उठाया है।

धीरखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में लंबे समय से हो रहे भारी जलभराव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए सांसद ने जिलाधिकारी हापुड़ को आधिकारिक पत्र भेजा है। पत्र में उन्होंने सड़क के दोनों ओर युद्धस्तर पर पक्के नाले का निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है।

सांसद अरुण गोविल ने जिलाधिकारी का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि धीरखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में उचित जल निकासी व्यवस्था न होने के कारण मुख्य सड़कों पर भारी जलभराव की स्थिति बनी हुई है। क्षेत्र में नालों का अभाव है, जिसके चलते फैक्ट्रियों का केमिकल युक्त गंदा पानी और बारिश का पानी लगातार सड़कों पर जमा रहता है। इससे न केवल स्थानीय उद्योगों का कामकाज प्रभावित हो रहा है, बल्कि आम जनता का आवागमन भी दूभर हो गया है।

पत्र में सांसद अरुण गोविल ने आगामी पवित्र कांवड़ यात्रा को लेकर गहरी चिंता जताई। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मार्ग शिवभक्त कांवड़ियों के आवागमन के लिए एक मुख्य और अत्यंत महत्वपूर्ण रास्ता है। सड़क पर गंदे पानी का भराव और कीचड़ होने के कारण शिवभक्तों को यहां से गुजरने में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ेगा। इससे जहां एक तरफ हादसों का खतरा बना रहेगा, वहीं दूसरी ओर शिवभक्तों की धार्मिक भावनाएं भी आहत होंगी।

जनहित और कांवड़ यात्रा की संवेदनशीलता को देखते हुए सांसद अरुण गोविल ने जिलाधिकारी से पत्र में कहा है कि वे संबंधित विभाग के अधिकारियों को तुरंत कड़े निर्देश जारी करें। उन्होंने मांग की है कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले प्राथमिकता के आधार पर सड़क के दोनों किनारों पर पक्के नाले का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर शुरू कराया जाए, ताकि शिवभक्तों और स्थानीय लोगों को इस गंभीर समस्या से राहत मिल सके।

Related Articles

Back to top button