Uttar Pradesh : हापुड़ में अनियंत्रित ई-रिक्शा पलटने से एक व्यक्ति की मौके पर मौत

Hapur News : थाना देहात क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें एक अनियंत्रित ई-रिक्शा पलटने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा गढ़ रोड पर मोहल्ला अनुज विहार के सामने स्थित एक मारुति शोरूम के पास हुआ। अचानक हुए इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तुरंत सहायता के लिए दौड़ पड़े, लेकिन तब तक एक व्यक्ति ई-रिक्शा के नीचे दब चुका था।

जानकारी के अनुसार ई-रिक्शा नवीन मंडी की ओर से आ रहा था और उसमें सवार लोग मजदूरी के लिए जा रहे थे। जैसे ही वाहन अनुज विहार के पास पहुंचा, चालक संतुलन खो बैठा, जिससे ई-रिक्शा सड़क पर पलट गया। हादसे के दौरान एक व्यक्ति उसके नीचे दब गया और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही हापुड़ देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला और उसकी पहचान कराई। मृतक की पहचान सिंभावली थाना क्षेत्र के ग्राम सिकैड़ा निवासी संदीप गर्ग (45 वर्ष) के रूप में हुई है।

हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ई-रिक्शा में सवार सभी लोग मजदूरी के लिए जा रहे थे और इसी दौरान यह हादसा हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img