Bihar : मोहर्रम के बाद बरिऔल चौक पर बवाल, घरों और मंदिर में तोड़फोड़, छह गिरफ्तार

Bihar/Darbhanga (मृत्युंजय) : कमतौल थाना क्षेत्र के बरिऔल चौक पर मोहर्रम के अवसर पर ताजिया विसर्जन एवं पहलाम के बाद उपद्रव और मारपीट की घटना से इलाके में तनाव फैल गया। आरोप है कि उपद्रवियों ने कई घरों, दुकानों में तोड़फोड़ की। घटना में छह से सात लोग घायल हो गए, जबकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। स्थिति को देखते हुए गांव में पुलिस कैंप स्थापित कर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, देर रात कुछ लोगों ने बरिऔल चौक और आसपास के क्षेत्रों में उत्पात मचाया। उपद्रवियों ने कई घरों और दुकानों में तोड़फोड़ कर दी, दुकानों के शीशे तोड़ दिए तथा इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी नुकसान पहुंचाया। कई मकानों की एस्बेस्टस की चादरें भी क्षतिग्रस्त कर दी गईं। इस दौरान रास्ते में मिले लोगों के साथ मारपीट की घटनाएं भी हुईं।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जाले रेफर किया गया। पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।

पुलिस के अनुसार, घटना की पृष्ठभूमि में करीब चार वर्ष पूर्व हुए एक अंतरधार्मिक प्रेम विवाह से जुड़ा विवाद सामने आया है। बताया गया कि संबंधित युवक मोहर्रम के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचा था, जहां कुछ लोगों के साथ उसकी कहासुनी और हाथापाई हुई। इसके बाद कुछ लोग उसे खोजते हुए उसके गांव पहुंचे, जिसके बाद उपद्रव और तोड़फोड़ की घटना हुई।

फिलहाल बरिऔल और आसपास के क्षेत्रों में स्थिति नियंत्रण में है। प्रशासन ने लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए स्पष्ट किया है कि मामले में शामिल सभी दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img