Hapur : जनपद हापुड़ के थाना देहात क्षेत्र में एनएच 9 पर काली नदी के पुल के पास गुरुवार को एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कार सवार तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
जानकारी के अनुसार गाजियाबाद के रईसपुर थाना कबीरनगर निवासी राहुल, ग्राम सदरपुर थाना बापूधाम निवासी विकास और मुरादनगर निवासी चीकू कार में सवार होकर नैनीताल गए थे। वहां से लौटते समय जब उनकी कार काली नदी पुल के पास पहुंची तो अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना हापुड़ देहात थाना प्रभारी पारस मलिक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को गंभीर हालत में नगर के एक अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार चीकू और राहुल की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने घटना की सूचना घायलों के परिजनों को दे दी है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।


