राज्यउत्तर प्रदेश

Yamuna Expressway Accident: यमुना एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा: टायर बदल रहे दो युवकों को डंपर ने कुचला, मौके पर मची अफरा-तफरी

Yamuna Expressway Accident: यमुना एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा: टायर बदल रहे दो युवकों को डंपर ने कुचला, मौके पर मची अफरा-तफरी

नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। हादसा ईकोटेक-1 थाना क्षेत्र में किलोमीटर-7 के पास उस समय हुआ, जब टायर पंचर होने के कारण सड़क किनारे खड़े पिकअप वाहन का पहिया बदला जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार डंपर ने पिकअप और उसके पास मौजूद युवकों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।

पुलिस के अनुसार पिकअप वाहन में खीरा लदा हुआ था और वह अलीगढ़ के टप्पल क्षेत्र से नोएडा फेज-2 मंडी की ओर जा रहा था। रास्ते में यमुना एक्सप्रेसवे पर वाहन का टायर पंचर हो गया। इसके बाद चालक और खलासी सड़क किनारे वाहन खड़ा कर पहिया बदलने लगे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने नियंत्रण खोते हुए पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में अशोक (29) निवासी गांव किशनपुर, अलीगढ़ और शिवम (28) निवासी गांव कुरगढ़ी, अलीगढ़ गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही ईकोटेक-1 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। युवकों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए पंचनामा भरकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और बाद में शव परिजनों को सौंप दिए।

कोतवाली प्रभारी अरविंद वर्मा ने बताया कि हादसे में शामिल डंपर को जब्त कर लिया गया है तथा चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है। फिलहाल मृतकों के परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। शिकायत मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों के बीच यह घटना एक बार फिर एक्सप्रेसवे पर वाहन चालकों की सुरक्षा और सावधानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। विशेष रूप से खराब वाहन या पंचर की स्थिति में सड़क किनारे काम करते समय अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत महसूस की जा रही है।

Related Articles

Back to top button