Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में दर्दनाक हादसा: निर्माणाधीन भवन की तीसरी मंजिल से गिरकर मजदूर की मौत

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में दर्दनाक हादसा: निर्माणाधीन भवन की तीसरी मंजिल से गिरकर मजदूर की मौत

नोएडा। ग्रेटर नोएडा के साकीपुर गांव में एक निर्माणाधीन भवन पर काम कर रहे मजदूर की तीसरी मंजिल से गिरने के कारण मौत हो गई। हादसे के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल मजदूर को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार यह घटना 11 जून की है, जब साकीपुर गांव में एक निर्माणाधीन भवन पर शटरिंग का कार्य चल रहा था। इसी दौरान 30 वर्षीय मोहम्मद असलम, जो मूल रूप से बिहार के मधेपुरा जिले का निवासी था और वर्तमान में नवादा गांव में रहकर मजदूरी करता था, काम के दौरान हादसे का शिकार हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार काम करते समय उसका पैर फिसल गया, जिससे वह सीधे तीसरी मंजिल से नीचे गिर पड़ा। हादसे के बाद मौके पर मौजूद अन्य श्रमिकों और स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उपचार शुरू किया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। उपचार के दौरान मोहम्मद असलम की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सूरजपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। कोतवाली निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि मृतक निर्माणाधीन भवन में शटरिंग का कार्य कर रहा था। प्रारंभिक जांच में हादसा पैर फिसलने के कारण होना प्रतीत हो रहा है। हालांकि यदि परिजनों या अन्य किसी पक्ष की ओर से कोई शिकायत प्राप्त होती है तो मामले की विस्तृत जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। मोहम्मद असलम की मौत की खबर मिलने के बाद उसके परिवार में शोक का माहौल है। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए उसके पैतृक गांव मधेपुरा, बिहार लेकर रवाना हो गए। इस घटना ने एक बार फिर निर्माण स्थलों पर श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img