Himachal Development News: ढली-रामपुर फोरलेन का सर्वे पूरा, हाटू माता रोपवे परियोजना को मिलेगा नया आयाम

Himachal Development News: ढली-रामपुर फोरलेन का सर्वे पूरा, हाटू माता रोपवे परियोजना को मिलेगा नया आयाम
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को हाटू माता मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में धार्मिक पर्यटन, सड़क संपर्क और विकास परियोजनाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश अपनी समृद्ध देव संस्कृति और प्राचीन मंदिरों के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ढली-नारकंडा-रामपुर सड़क को फोरलेन राजमार्ग के रूप में विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। इस परियोजना के लिए सर्वेक्षण का कार्य पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में सुरंगों को प्राथमिकता दी जाएगी ताकि भूस्खलन की घटनाओं को कम किया जा सके और लोगों को सुरक्षित व सुगम यात्रा की सुविधा मिल सके।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना पर्यटन और परिवहन व्यवस्था को नई मजबूती देगी। साथ ही इससे स्थानीय व्यापार, पर्यटन उद्योग और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि राज्य सरकार हाटू माता रोपवे परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए कार्य कर रही है। इस परियोजना को नाबार्ड के तहत प्रस्तावित किया गया है। उन्होंने बताया कि परियोजना को धरातल पर उतरने में लगभग तीन से चार वर्ष का समय लग सकता है, लेकिन सरकार इसे प्राथमिकता के आधार पर लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि हाटू माता सड़क के सुधार और विस्तार कार्यों के लिए भी धनराशि स्वीकृत कर दी गई है। सड़क निर्माण के दौरान पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा और पेड़ों की कटाई को न्यूनतम रखने का प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने नारकंडा नगर पंचायत के निर्विरोध निर्वाचित प्रतिनिधियों के लिए 50 लाख रुपये देने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि यह राशि स्थानीय विकास कार्यों और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने में उपयोग की जाएगी।
कार्यक्रम में नवनिर्वाचित पंचायती राज प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने नारकंडा में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
इस अवसर पर विधायक कुलदीप राठौर, देहरा से विधायक एवं मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कमलेश ठाकुर, हिमाचल प्रदेश वन विकास निगम के उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची, हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष देवेन्द्र श्याम, उपायुक्त अनुपम कश्यप और पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





