राज्यउत्तर प्रदेश

Noida Electricity Problem: 12 साल से बिजली का इंतजार, समस्या के समाधान के लिए युवक ने लखनऊ तक पदयात्रा शुरू की

Noida Electricity Problem: 12 साल से बिजली का इंतजार, समस्या के समाधान के लिए युवक ने लखनऊ तक पदयात्रा शुरू की

नोएडा। दादरी तहसील के आमका गांव स्थित दा ग्रांड सिटी कॉलोनी में पिछले 12 वर्षों से बिजली आपूर्ति न होने के विरोध में एक युवक ने अनोखा कदम उठाया है। कॉलोनी निवासी विकास ने हाथ में तिरंगा और बैनर लेकर लखनऊ तक पदयात्रा शुरू कर दी है। उनका कहना है कि वह प्रदेश की राजधानी पहुंचकर मुख्यमंत्री के जनता दरबार में अपनी समस्या रखेंगे और कॉलोनीवासियों को बिजली सुविधा दिलाने की मांग करेंगे।

विकास का आरोप है कि दा ग्रांड सिटी कॉलोनी में करीब 40 परिवार निवास करते हैं, जिनकी कुल आबादी लगभग 250 के आसपास है। कॉलोनी विकसित करते समय कुछ कॉलोनाइजरों ने बिजली समेत सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन देकर लोगों को भूखंड बेचे थे। लेकिन एक दशक से अधिक समय बीत जाने के बावजूद आज तक कॉलोनी में नियमित बिजली आपूर्ति की व्यवस्था नहीं हो सकी है।

उन्होंने बताया कि बिजली की समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभागीय अधिकारियों और प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। कॉलोनी के लोग लंबे समय से अस्थायी व्यवस्थाओं और वैकल्पिक साधनों के सहारे जीवन यापन करने को मजबूर हैं।

विकास का कहना है कि जब स्थानीय स्तर पर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उन्होंने मुख्यमंत्री तक अपनी आवाज पहुंचाने का निर्णय लिया। उनका उद्देश्य केवल अपनी नहीं, बल्कि कॉलोनी के सभी निवासियों की समस्या को सरकार के सामने रखना है, ताकि वर्षों पुरानी परेशानी का स्थायी समाधान हो सके।

इस मामले में बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता अश्विनी कुमार ने कहा कि अभी तक कोई व्यक्ति उनसे इस संबंध में मिलने नहीं आया है। उन्होंने कहा कि यदि मामला उनके संज्ञान में आता है तो इसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि बिजली जैसी बुनियादी सुविधा के अभाव में बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कार्य और दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। लोगों को उम्मीद है कि युवक की यह पदयात्रा प्रशासन और सरकार का ध्यान उनकी समस्या की ओर आकर्षित करेगी।

 

Related Articles

Back to top button