Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में विवाहिता की संदिग्ध मौत, प्रताड़ना के आरोप में पति गिरफ्तार

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में विवाहिता की संदिग्ध मौत, प्रताड़ना के आरोप में पति गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा के कासना क्षेत्र स्थित चीरसी गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर मारपीट और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतका के पिता राकेश सिंह ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी सोनिका ने 14 अगस्त 2015 को चीरसी निवासी सुभाष शर्मा से प्रेम विवाह किया था। आरोप है कि शादी के बाद से ही सोनिका को ससुराल पक्ष द्वारा लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।
परिजनों के मुताबिक सोनिका ने कई बार फोन पर अपने पिता को बताया था कि पति और अन्य ससुराल वाले उसके साथ मारपीट करते हैं और मानसिक रूप से परेशान करते हैं। इस मामले में पहले भी पुलिस से शिकायत की जा चुकी थी।
राकेश सिंह ने बताया कि 20 मई की सुबह सोनिका ने उन्हें फोन कर कहा था कि ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट की है और वह अपनी जिंदगी से परेशान हो चुकी है। पिता ने उसे समझाने की कोशिश की। अगले दिन 21 मई को सोनिका के पति ने फोन कर बताया कि उसकी तबीयत खराब है और उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
जब परिवार जीआईएमएस अस्पताल पहुंचा तो सोनिका की मौत हो चुकी थी। डॉक्टरों के अनुसार जहरीले पदार्थ के सेवन से उसकी मौत हुई है।
पीड़ित पिता ने पति सुभाष शर्मा और उसके परिवार पर बेटी को प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





