उत्तर प्रदेशराज्य

Census Training: जनगणना प्रशिक्षण में अव्यवस्थाओं पर शिक्षकों का हंगामा, कटौती और खराब सुविधाओं को लेकर जताई नाराजगी

Census Training: जनगणना प्रशिक्षण में अव्यवस्थाओं पर शिक्षकों का हंगामा, कटौती और खराब सुविधाओं को लेकर जताई नाराजगी

नोएडा : सेक्टर-91 स्थित पंचशील बालक इंटर कॉलेज में चल रहे जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने अव्यवस्थाओं और खराब सुविधाओं को लेकर जमकर हंगामा किया। प्रशिक्षण में शामिल शिक्षकों ने आरोप लगाया कि उन्हें मिलने वाले मानदेय में कटौती की जा रही है और प्रशिक्षण स्थल पर बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव है। मामला बढ़ने पर पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा।

प्रशिक्षण में शामिल शिक्षकों का कहना है कि उन्हें प्रतिदिन 600 रुपये दिए जाने हैं, लेकिन उसमें से 200 रुपये रिफ्रेशमेंट के नाम पर काटे जा रहे हैं। इसके बावजूद खाने के नाम पर केवल समोसा, चिप्स और फ्रूटी दी जा रही है। शिक्षकों ने आरोप लगाया कि सुबह 9:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक लंबे समय तक प्रशिक्षण कराया जा रहा है, लेकिन सुविधाएं बेहद खराब हैं।

निजी स्कूलों के शिक्षकों ने यह भी आरोप लगाया कि उनके साथ भेदभाव किया जा रहा है। उनका कहना है कि बिना अतिरिक्त अवकाश दिए उन्हें प्रशिक्षण में शामिल होने के लिए मजबूर किया जा रहा है, जबकि सरकारी शिक्षकों को अतिरिक्त छुट्टी दिए जाने की बात कही जा रही है। शिक्षकों का आरोप है कि इससे निजी स्कूलों के स्टाफ पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है।

प्रशिक्षण स्थल की साफ-सफाई को लेकर भी शिक्षकों ने नाराजगी जताई। एक शिक्षक ने बताया कि कॉलेज के वॉशरूम बेहद गंदे हैं और उनका इस्तेमाल करना मुश्किल हो रहा है। कई शिक्षकों ने सोशल मीडिया पर भी प्रशिक्षण स्थल की तस्वीरें और वीडियो साझा कर व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए।

कुछ शिक्षकों ने आरोप लगाया कि कई सरकारी शिक्षक अपनी ड्यूटी “जुगाड़” के जरिए कटवा लेते हैं, जिससे बाकी शिक्षकों पर अतिरिक्त बोझ बढ़ जाता है। एक शिक्षक ने दावा किया कि उनके परिचित एक सरकारी शिक्षक की ड्यूटी हटने के बाद वह परिवार के साथ घूमने जाने की योजना बना रहे हैं। प्रदर्शन कर रहे शिक्षकों ने मांग की कि ड्यूटी और प्रशिक्षण व्यवस्था में पारदर्शिता लाई जाए।

मामले पर नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी और जनगणना में भारसाधन अधिकारी इंदुप्रकाश सिंह ने कहा कि मानदेय में कटौती से प्राधिकरण का कोई संबंध नहीं है। उन्होंने बताया कि स्वगणना और जनगणना प्रशिक्षण से जुड़े सभी जरूरी दिशा-निर्देश और जानकारी शिक्षकों को उपलब्ध करा दी गई है।

Related Articles

Back to top button