Noida Encounter: नोएडा में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, हत्या के आरोपी दो बदमाश गोली लगने के बाद गिरफ्तार
Noida Encounter: नोएडा में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, हत्या के आरोपी दो बदमाश गोली लगने के बाद गिरफ्तार
नोएडा : थाना सेक्टर-63 क्षेत्र में देर रात पुलिस और हत्या के आरोपियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो बदमाश घायल हो गए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, मामले में शामिल दो बाल अपचारियों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। सभी आरोपी 20 वर्षीय युवक दीपक की हत्या के मामले में फरार चल रहे थे।
पुलिस के अनुसार चोटपुर कॉलोनी निवासी दीपक का अमन और पीयूष नामक युवकों से पैसों को लेकर विवाद हो गया था। बताया गया कि विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने दीपक पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल दीपक को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत के बाद पुलिस ने दर्ज मुकदमे में हत्या की धारा जोड़ते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस टीम एफएनजी रोड पर देर रात वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो आरोपी अचानक बाइक मोड़कर भागने लगे। पुलिस को शक होने पर टीम ने उनका पीछा किया।
पुलिस के मुताबिक पीछा किए जाने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में अमन और संदीप नामक आरोपी घायल हो गए। दोनों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें पकड़ लिया गया। पुलिस ने तुरंत दोनों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने इलाके में कॉम्बिंग अभियान चलाया, जिसके दौरान दो अन्य बाल अपचारियों को भी हिरासत में ले लिया गया। शुरुआती जांच में पता चला है कि घायल आरोपी मूल रूप से बुलंदशहर के रहने वाले हैं और फिलहाल नोएडा की चोटपुर कॉलोनी में किराये पर रह रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध तमंचे, दो खोखा कारतूस, चार जिंदा कारतूस, एक चाकू और दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार सभी आरोपियों ने मिलकर दीपक की हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
