उत्तर प्रदेशराज्य

Noida: महंगाई, पेपर लीक और स्मार्ट मीटर के विरोध में सपा का प्रदर्शन, कलेक्ट्रेट पर की नारेबाजी

Noida: महंगाई, पेपर लीक और स्मार्ट मीटर के विरोध में सपा का प्रदर्शन, कलेक्ट्रेट पर की नारेबाजी

Noida में बढ़ती महंगाई, नीट परीक्षा पेपर लीक और स्मार्ट मीटर लगाने के विरोध में सोमवार को Samajwadi Party कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।

प्रदर्शन का नेतृत्व सपा जिलाध्यक्ष Sudhir Bhati ने किया। उन्होंने कहा कि पांच राज्यों के चुनाव खत्म होते ही पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई, जिससे आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ गया है। उनका कहना था कि पहले से ही लोग महंगाई की मार झेल रहे हैं और अब ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।

सपा नेताओं ने कहा कि रसोई गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और किल्लत के कारण आम परिवारों का बजट बिगड़ रहा है। वहीं व्यावसायिक गैस सिलेंडर महंगा होने से छोटे व्यापारियों और लघु उद्योगों पर भी असर पड़ रहा है। पार्टी नेताओं का दावा है कि कई छोटे उद्योग बंद होने की स्थिति में पहुंच गए हैं।

प्रदर्शन के दौरान स्मार्ट मीटर लगाने के मुद्दे को भी जोरशोर से उठाया गया। सपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर के नाम पर जनता से ज्यादा बिल वसूले जा रहे हैं और लोगों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने सरकार से स्मार्ट मीटर योजना की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

कार्यकर्ताओं ने नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। नेताओं का कहना था कि लगातार पेपर लीक की घटनाओं से छात्रों का भविष्य खतरे में पड़ रहा है और युवाओं में निराशा बढ़ रही है।

प्रदर्शन में फकीरचंद नागर, जिला पंचायत सदस्य सुनील भाटी, कृशांत भाटी, नरेंद्र नागर और परमेंद्र भाटी एडवोकेट समेत बड़ी संख्या में सपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।

Related Articles

Back to top button