Noida Crime: किराये की कारों से राहगीरों को बनाते थे निशाना, लूटपाट करने वाला गिरोह गिरफ्तार

Noida Crime: किराये की कारों से राहगीरों को बनाते थे निशाना, लूटपाट करने वाला गिरोह गिरफ्तार

Greater Noida में थाना सूरजपुर पुलिस ने राहगीरों और टैक्सी चालकों से लूटपाट करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी किराये पर गाड़ियां लेकर रात के समय वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस ने उनके कब्जे से 20 मोबाइल फोन, दो कारें, नकदी, अवैध हथियार और चाकू बरामद किए हैं।

Uttar Pradesh Police के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित सिंह, दीपांशु, तरुण ठाकुर, नवाब भाटी उर्फ संदीप भाटी और मोहित राजपूत के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी को सेक्टर ईटा-01 के पास से गिरफ्तार किया।

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह गिरोह Noida, ग्रेटर नोएडा और एनसीआर क्षेत्र में सक्रिय था। आरोपी देर रात सुनसान इलाकों में राहगीरों को लिफ्ट देने का झांसा देकर कार में बैठाते थे और फिर मारपीट कर उनके मोबाइल, नकदी और अन्य कीमती सामान लूट लेते थे।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी टैक्सी चालकों को निशाना बनाने के लिए अपनी गाड़ियों को जानबूझकर लहराते हुए चलाते थे। जब टैक्सी चालक उन्हें रोकता या विरोध करता, तो आरोपी उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज कर मोबाइल फोन, नकदी और अन्य सामान लूट लेते थे। वारदात के बाद आरोपी पीड़ित की गाड़ी की चाबी भी छीन लेते थे ताकि उनका पीछा न किया जा सके।

पुलिस के मुताबिक 16 मई को सेक्टर ईटा-01 के पास एक टैक्सी चालक के साथ इसी तरह की घटना हुई थी। आरोपियों ने चालक से मारपीट कर उसका मोबाइल फोन, 5 हजार रुपये नकद और कार की चाबी लूट ली थी। इस मामले में थाना सूरजपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसके बाद जांच के दौरान गिरोह का सुराग मिला।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे वारदातों के लिए अधिकतर किराये की गाड़ियों का इस्तेमाल करते थे। घटना के बाद गाड़ियां वापस कर दी जाती थीं, जिससे पुलिस को उन तक पहुंचने में परेशानी होती थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वेन्यू और थार कार बरामद की हैं, जिनका इस्तेमाल लूट की घटनाओं में किया गया था।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मोहित राजपूत समेत कुछ आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। अब पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और इनके द्वारा की गई अन्य वारदातों की जांच कर रही है। बरामद मोबाइल फोन के जरिए अन्य पीड़ितों की पहचान करने का प्रयास भी किया जा रहा है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img