Malkpur Sports Stadium:ग्रेटर नोएडा के मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम का होगा सौंदर्यीकरण, खिलाड़ियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

Malkpur Sports Stadium:ग्रेटर नोएडा के मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम का होगा सौंदर्यीकरण, खिलाड़ियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

Greater Noida के सूरजपुर क्षेत्र स्थित मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम का आउटडोर मैदान अब आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। लंबे समय से अधूरे पड़े स्टेडियम विकास कार्य को अब रफ्तार मिलने जा रही है। शासन ने मैदान के सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए 1.41 करोड़ रुपये की धनराशि मंजूर कर दी है। इससे खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी और क्षेत्र में खेल गतिविधियों को नया बढ़ावा मिलेगा।

स्टेडियम निर्माण और सौंदर्यीकरण का जिम्मा उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड को सौंपा गया है। शनिवार को यूपीएससीआईडीसी की तकनीकी टीम और जूनियर इंजीनियर रोहित पांडेय ने स्टेडियम का निरीक्षण कर प्रस्तावित कार्यों का जायजा लिया। अधिकारियों के अनुसार इस सप्ताह से मैदान में मिट्टी भराव, समतलीकरण, घास लगाने और परिसर में टाइल्स बिछाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

खेल विभाग का दावा है कि करीब छह महीनों के भीतर निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी Dr. Parvez Ali ने बताया कि मैदान में उच्च गुणवत्ता वाली घास लगाई जाएगी ताकि खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास सुविधा मिल सके। इसके अलावा खिलाड़ियों और दर्शकों की सुविधा के लिए बैठने की व्यवस्था, टाइल्स और अन्य आधारभूत सुविधाओं का भी विकास किया जाएगा।

अधिकारियों का कहना है कि स्टेडियम तैयार होने के बाद यहां एथलेटिक्स, फुटबॉल, हॉकी, हैंडबॉल और वॉलीबॉल जैसी खेल प्रतियोगिताओं और चयन ट्रायल का आयोजन किया जा सकेगा। अभी तक खेल विभाग को जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए निजी स्कूलों और अकादमियों पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन अब सरकारी स्तर पर बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

खेल विभाग के अनुसार इस परियोजना का सबसे बड़ा लाभ ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के खिलाड़ियों को मिलेगा। इससे स्थानीय प्रतिभाओं को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर मंच मिलेगा तथा क्षेत्र में खेल संस्कृति को भी मजबूती मिलेगी। स्थानीय खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने भी स्टेडियम विकास योजना का स्वागत किया है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img