Noida: नोएडा में मरे हुए चूहे को लेकर थाने पहुंची महिला, पड़ोसी पर लगाया परेशान करने का आरोप

Noida: नोएडा में मरे हुए चूहे को लेकर थाने पहुंची महिला, पड़ोसी पर लगाया परेशान करने का आरोप

Noida के एक्सप्रेसवे थाना क्षेत्र में शनिवार को एक ऐसा मामला सामने आया जिसने पुलिसकर्मियों को भी हैरान कर दिया। सेक्टर-134 स्थित जेपी कॉसमॉस सोसाइटी में रहने वाली एक महिला हाथ में मरा हुआ चूहा लेकर सीधे सेक्टर-129 पुलिस चौकी पहुंच गई। महिला ने पुलिस के सामने चूहे को दिखाते हुए आरोप लगाया कि उसका पड़ोसी जानबूझकर उसे परेशान करने के लिए बार-बार मरे हुए चूहे उसके फ्लैट के बाहर फेंक रहा है।

महिला की इस शिकायत को सुनकर चौकी में मौजूद पुलिसकर्मी कुछ देर के लिए सन्न रह गए। वहां मौजूद लोगों को भी समझ नहीं आया कि आखिर इस मामले में क्या प्रतिक्रिया दी जाए। महिला ने पुलिस को बताया कि पिछले कई दिनों से उसके पड़ोसी की तरफ से इस तरह की हरकतें की जा रही हैं। शुरुआत में उसने मामले को नजरअंदाज किया, लेकिन जब घटनाएं लगातार बढ़ने लगीं तो उसने सीधे पुलिस से शिकायत करने का फैसला किया।

महिला मरे हुए चूहे को टिश्यू और पॉलीथिन में पैक करके पुलिस चौकी लेकर पहुंची थी। उसने आरोप लगाया कि यह सिर्फ गंदगी फैलाने का मामला नहीं है, बल्कि उसे मानसिक रूप से परेशान करने की कोशिश की जा रही है। महिला ने खुद को एनिमल लवर बताते हुए कहा कि किसी जानवर को मारकर इस तरह किसी के घर के बाहर फेंकना अमानवीय व्यवहार है और इससे उसे काफी मानसिक तनाव हो रहा है।

पुलिस ने महिला की बात गंभीरता से सुनी और उसे समझाया कि किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई के लिए लिखित शिकायत देना जरूरी होगा। हालांकि महिला ने फिलहाल कोई लिखित शिकायत नहीं दी। इस दौरान चौकी में मौजूद कुछ पुलिसकर्मी इस अनोखे मामले को लेकर अंदर ही अंदर मुस्कुराते भी नजर आए।

उधर, जैसे ही इस घटना की जानकारी सोसायटी के लोगों तक पहुंची, वहां के व्हाट्सऐप ग्रुप्स में चर्चा शुरू हो गई। कई लोगों ने इस विवाद को “रैट वॉर” का नाम दे दिया, जबकि कुछ लोगों का कहना था कि अब सोसायटी में इंसानों से ज्यादा चूहों की चर्चा हो रही है। यह अनोखा मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img