राज्यट्रेंडिंगदिल्लीभारतराज्य

New Delhi : अहमदाबाद में ‘मिलियन माइंड्स टेक पार्क’ और ‘GREMI सिटी कैंपस’ का उद्घाटन, गुजरात को टेक्नोलॉजी हब बनाने पर जोर

New Delhi : केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने अहमदाबाद, गुजरात में नवनिर्मित ‘मिलियन माइंड्स टेक पार्क’ और ‘GREMI सिटी कैंपस’ का उद्घाटन किया। इस अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के देश के भविष्य को लेकर देखे गए सपनों को साकार करने की दिशा में यह एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि मोदी का विजन है कि टेक्नोलॉजी, इनोवेशन, ज्ञान, उद्यमिता और उच्च कौशल आधारित उद्योग गुजरात में विकसित हों, ताकि राज्य न्यू एज टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में भी देश का नेतृत्व कर सके।

अमित शाह ने कहा कि गुजरात ने जिस क्षेत्र में मजबूती से कदम रखा है, वहां वह शीर्ष तीन राज्यों में शामिल होने में देर नहीं लगाता। उन्होंने भरोसा जताया कि टेक्नोलॉजी और सर्विस सेक्टर में भी गुजरात इतिहास दोहराएगा।

उन्होंने कहा कि आजादी के समय से ही गुजरात ने देश के औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री बनने के बाद राज्य में औद्योगिक विकास, आधारभूत संरचना, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस और उद्यमिता आधारित विकास को संगठित स्वरूप मिला, जिससे गुजरात की वैश्विक पहचान मजबूत हुई।

अमित शाह ने कहा कि गुजरात में उद्योगों का विकास बेहद संरचित तरीके से हुआ है। इसके पीछे उद्यमिता की परंपरा और सरकार द्वारा तैयार किया गया अनुकूल इंफ्रास्ट्रक्चर, नीतियां, वित्तीय व्यवस्था और प्रोएक्टिव प्रशासन प्रमुख कारण हैं। उन्होंने कहा कि वाइब्रेंट गुजरात जैसे मंचों ने भी राज्य को वैश्विक निवेश का केंद्र बनाने में मदद की है।

उन्होंने कहा कि मैन्युफैक्चरिंग, इंजीनियरिंग, फार्मास्यूटिकल, पोर्ट्स, लॉजिस्टिक्स, ग्रीन एनर्जी और इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर में गुजरात ने उल्लेखनीय काम किया है, लेकिन अब लक्ष्य सर्विस सेक्टर में भी राज्य को टॉप थ्री में पहुंचाना है। अहमदाबाद को बेंगलुरु, हैदराबाद, पुणे और गुरुग्राम जैसे शहरों के समकक्ष स्थापित करने के लिए ऐसे टेक पार्क जरूरी हैं।

अमित शाह ने बताया कि ‘मिलियन माइंड्स टेक पार्क’ लगभग 1100 करोड़ रुपये की लागत से 13.50 लाख वर्ग फुट क्षेत्र में विकसित किया गया है। इसके पहले चरण में करीब 9000 हाई स्किल प्रोफेशनल्स के लिए कार्यस्थल तैयार होगा। सात चरणों में करीब 15000 करोड़ रुपये के निवेश से अगले पांच वर्षों में 63 हजार से अधिक हाई वैल्यू नौकरियां सृजित होंगी। 65 एकड़ में फैले इस परिसर में कमर्शियल स्पेस के साथ मॉल, होटल और रेजिडेंशियल सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि गणेश रियल एस्टेट मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट (GREMI) कैंपस की शुरुआत भी देश के रियल एस्टेट क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कदम है। रियल एस्टेट, पर्यावरण, टाउन प्लानिंग और शहरी विकास जैसे विषयों को ध्यान में रखते हुए यह संस्थान आधुनिक और समग्र शिक्षा प्रदान करेगा।

अमित शाह ने बताया कि 30 हजार वर्ग फुट में बने इस कैंपस में पहले बैच में 300 विद्यार्थी अध्ययन करेंगे, जबकि मुख्य कैंपस थॉल लेक के पास 100 एकड़ भूमि पर करीब 500 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह संस्थान गुजरात ही नहीं, बल्कि पूरे देश के रियल एस्टेट क्षेत्र को कुशल नेतृत्व और नई सोच प्रदान करेगा।

उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डीप टेक भविष्य की अर्थव्यवस्था के प्रमुख आधार हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत रोबोटिक्स, क्वांटम कंप्यूटिंग, सेमीकंडक्टर, एआई, ऑटोमेशन, साइबर सिक्योरिटी, डिफेंस और स्पेस टेक्नोलॉजी जैसे उभरते क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे में युवाओं को अनुकूल वातावरण और अवसर उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है।

Related Articles

Back to top button