Noida Crime: 5 सेकेंड में कार का शीशा तोड़ लैपटॉप चोरी करने वाले 3 गिरफ्तार, 31 लैपटॉप बरामद
Noida Crime News: 5 सेकेंड में कार का शीशा तोड़ लैपटॉप चोरी करने वाले 3 गिरफ्तार, 31 लैपटॉप बरामद
नोएडा पुलिस ने कार का शीशा तोड़कर महज पांच सेकेंड में लैपटॉप चोरी करने वाले एक शातिर गैंग का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 31 लैपटॉप और शीशा तोड़ने में इस्तेमाल होने वाली पोर्टेबल मशीन बरामद की है। आरोपी पिछले छह महीने से नोएडा और एनसीआर में सक्रिय थे और अब तक 250 से ज्यादा लैपटॉप चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लविश, अंकित और राजेंद्र वर्मा के रूप में हुई है। थाना सेक्टर-113 पुलिस ने इन्हें सोरखा क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह गैंग बेहद सुनियोजित तरीके से चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था और कुछ ही सेकेंड में कार का शीशा तोड़कर लैपटॉप लेकर फरार हो जाता था।
मनीषा सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर की गई। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पहले फैक्ट्रियों, ऑफिसों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में खड़ी कारों की रेकी करते थे। इसके बाद टॉर्च की मदद से कार के अंदर देखते थे। यदि उन्हें लैपटॉप बैग दिखाई देता तो विशेष पोर्टेबल मशीन से महज पांच सेकेंड में कार का शीशा तोड़कर लैपटॉप चोरी कर लेते थे।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि चोरी के बाद आरोपी लैपटॉप को सुनसान स्थानों पर छिपा देते थे। ग्राहक मिलने पर उन्हें बेच दिया जाता था। कई बार आरोपी लैपटॉप के पार्ट्स निकालकर अलग-अलग बेचते थे। चोरी से मिले पैसों को तीनों आपस में बांटकर खर्च करते थे और मौज-मस्ती में उड़ाते थे।
पुलिस के मुताबिक यह गैंग पिछले छह महीने से लगातार सक्रिय था। नोएडा में इनके खिलाफ करीब 10 मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा दिल्ली, गाजियाबाद और एनसीआर के अन्य इलाकों में भी इनकी गतिविधियां सामने आई हैं। वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपी चोरी की बाइक का इस्तेमाल करते थे, जिससे पुलिस को चकमा देकर आसानी से फरार हो सकें।
गिरफ्तार आरोपियों से बरामद 31 लैपटॉप के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है ताकि असली मालिकों तक सामान पहुंचाया जा सके। पुलिस अब गैंग के अन्य सदस्यों और चोरी का माल खरीदने वाले लोगों की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े और लोगों को गिरफ्तार किया जाएगा।

