उत्तर प्रदेशराज्य

Noida Road Accident: सेक्टर-67 में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवकों को कुचला, एक की मौत, दूसरा गंभीर

Noida Road Accident: सेक्टर-67 में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवकों को कुचला, एक की मौत, दूसरा गंभीर

नोएडा के सेक्टर-67 में बुधवार रात दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। हादसा इतना भीषण था कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान प्यारूद्दीन मिर्जा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से दिल्ली के शाहीन बाग का रहने वाला था और वर्तमान में नोएडा के सेक्टर-63 स्थित छिजारसी इलाके में रहकर फैक्टरी में नौकरी करता था। उसके साथ बाइक पर बहलोलपुर गांव निवासी उसका दोस्त अनिल कुमार भी मौजूद था, जो उसी फैक्टरी में काम करता है।

परिजनों के अनुसार, बुधवार रात करीब 8:30 बजे दोनों युवक ड्यूटी खत्म कर बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे सेक्टर-67 पहुंचे, तभी पीछे से तेज गति में आ रहे हरियाणा नंबर के ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि प्यारूद्दीन मिर्जा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अनिल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सूचना मिलते ही फेज-3 थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया।

मृतक के जीजा शेख आजम की शिकायत पर पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि ट्रक नंबर के आधार पर आरोपी चालक की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की जांच जारी है।

इस हादसे ने एक बार फिर नोएडा में तेज रफ्तार वाहनों और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Back to top button