Greater Noida Murder Case: LLB छात्र हत्याकांड का CCTV VIDEO आया सामने, गोली चलने के बाद मची भगदड़
ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाना क्षेत्र में एलएलबी छात्र की हत्या के मामले में अब एक सनसनीखेज सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में विवाद के दौरान हुई बहस, धमकी और फिर गोलियों की आवाज साफ सुनाई दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और इस हत्याकांड को लेकर लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
मामला सूरजपुर थाना क्षेत्र के साकीपुर गांव का है, जहां 25 वर्षीय साजन भाटी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। साजन एलएलबी का छात्र था और बताया जा रहा है कि वह एक शादी समारोह से वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान घर के बाहर मौजूद पड़ोसियों से उसका विवाद हो गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक कूड़ा जलाने को लेकर पहले से तनाव चल रहा था, जिसने बाद में खूनी रूप ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान दोनों पक्षों में तीखी बहस शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि हाथापाई तक पहुंच गई। इसी बीच आरोपियों मंगेश उर्फ टिल्लू, वीर सिंह और उनके साथियों ने साजन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। साजन को तीन गोलियां लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
अब इस पूरी घटना का करीब 3 मिनट 5 सेकंड का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। वीडियो उसी गली का बताया जा रहा है जहां हत्या हुई थी। फुटेज में पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी सुनाई देती है। वीडियो में एक व्यक्ति यह कहते हुए सुनाई देता है, “तू मार देगा”, जिसके जवाब में दूसरा शख्स कहता है, “हां, हम मार देंगे।” इसके बाद गाली-गलौज शुरू होती है और फिर अचानक तीन गोलियों की तेज आवाज सुनाई देती है। गोली चलने के तुरंत बाद इलाके में अफरा-तफरी और भगदड़ मच जाती है।
घटना के बाद आरोपी मंगेश उर्फ टिल्लू और उसका भाई मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की और बाद में दोनों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।
इस घटना ने एक बार फिर छोटे विवादों के हिंसक रूप लेने पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मामूली कहासुनी में जिस तरह खुलेआम गोलियां चलाई गईं, उससे इलाके में डर का माहौल बन गया है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया है।


