Noida Hostel Food Controversy: खाने में नाखून मिलने का आरोप, वीडियो वायरल के बाद प्रबंधन ने बताया ‘मजाक’
नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित नालंदा लिविंग हॉस्टल में खाने को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक छात्र यह दावा करता दिख रहा है कि उसके खाने में नाखून निकला है। इस घटना के बाद हॉस्टल की व्यवस्थाओं और खाने की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
वायरल वीडियो में छात्र यह कहते हुए नजर आता है कि खाने में दो नाखून मिले और उसे सिर्फ चार रोटियां दी गईं। उसने सब्जी की गुणवत्ता पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं, जिससे छात्रों में नाराजगी देखने को मिल रही है।
इस मामले पर राजनीतिक प्रतिक्रिया भी सामने आई है। सपा छात्र सभा के जिलाध्यक्ष मोहित नागर ने आरोप लगाया है कि हॉस्टल में बच्चों की सेहत के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है और प्रशासन को इस पर तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।
वहीं दूसरी ओर हॉस्टल प्रबंधन ने इन आरोपों को खारिज किया है। प्रबंधन से जुड़े राहुल नागर का कहना है कि कुछ छात्रों ने मजाक में खाने में नाखून डालकर वीडियो बनाया और उसे वायरल कर दिया। उनका दावा है कि यह पूरी घटना गलत तरीके से प्रस्तुत की गई है।
इस मामले से जुड़ा एक और वीडियो भी सामने आया है, जिसमें छात्र यह कहता हुआ दिख रहा है कि उसके कुछ दोस्तों ने मजाक-मजाक में खाने में नाखून डाल दिया था, जिसकी उसे जानकारी नहीं थी और इसी वजह से उसने वीडियो रिकॉर्ड कर दिया।
फिलहाल मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग हॉस्टल की फूड सेफ्टी और छात्रों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं। प्रशासन की ओर से अभी तक किसी औपचारिक जांच की घोषणा नहीं की गई है, लेकिन मामला तूल पकड़ता जा रहा है।
भारत और पाकिस्तान टी20 विश्व कप 2024 में दो बार आमने-सामने हो सकते हैं। जानिए कैसे


