Uttar Pradesh : बिना यूपीआई सक्रिय किए खाते से निकले छह लाख, हापुड़ में साइबर ठगी से हड़कंप

Hapur News : जिले में साइबर ठगों ने हैरान करने वाला कारनामा करते हुए एक व्यक्ति के बैंक खातों से करीब छह लाख रुपये उड़ा लिए। खास बात यह रही कि जिस खाते से पैसे निकाले गए, उसमें न तो एटीएम कार्ड जारी हुआ था और न ही यूपीआई सेवा सक्रिय थी। इस घटना ने बैंकिंग सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

शक्ति नगर निवासी गजेंद्र सिंह सिसौदिया ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि उनके भाई किशन सिंह के पंजाब नेशनल बैंक और आईडीबीआई बैंक के खातों से ठगी की गई। पंजाब नेशनल बैंक की मुख्य शाखा के खाते से 12 अप्रैल से 17 अप्रैल 2026 के बीच 27 से 28 छोटे-छोटे यूपीआई ट्रांजेक्शन के जरिए करीब 4.16 लाख रुपये निकाल लिए गए। यह तथ्य और भी चौंकाने वाला है कि इस खाते में कभी यूपीआई सेवा चालू ही नहीं कराई गई थी।

वहीं आईडीबीआई बैंक के खाते से 9 अप्रैल से 17 अप्रैल के बीच 19 ट्रांजेक्शन के माध्यम से 1.84 लाख रुपये की निकासी की गई। इस तरह दोनों खातों से कुल मिलाकर लगभग छह लाख रुपये साफ कर दिए गए। घटना के समय पीड़ित किशन सिंह गुजरात में थे और उन्हें इन लेन-देन की कोई जानकारी नहीं थी।

पुलिस को आशंका है कि ठगी मोबाइल हैकिंग या सिम क्लोनिंग के जरिए की गई हो सकती है। गजेंद्र सिंह ने पुलिस से मांग की है कि जिन खातों में यह रकम ट्रांसफर की गई है, उन्हें तुरंत फ्रीज कराया जाए और संबंधित बैंकों की भूमिका की भी जांच की जाए।

थाना प्रभारी साइबर क्राइम मुनीष प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब उन खातों का विवरण जुटा रही है, जहां ठगी की रकम भेजी गई, ताकि उन्हें फ्रीज कर धनराशि की रिकवरी की जा सके।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img