Delhi Murder Case: सीआर पार्क में पैसे के विवाद में पिता-पुत्र की चाकू से हत्या, आरोपी गिरफ्तार

Delhi Murder Case: सीआर पार्क में पैसे के विवाद में पिता-पुत्र की चाकू से हत्या, आरोपी गिरफ्तार
रिपोर्ट: रवि डालमिया
दक्षिण दिल्ली के सीआर पार्क थाना क्षेत्र के अलकनंदा-तारा अपार्टमेंट में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां पैसे के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में पड़ोसी ने पिता और पुत्र की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। इस घटना में इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 6 बजे के आसपास यह विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में आकर राकेश सूद (60) और उनके बेटे करण सूद (33) पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में उनकी मौत हो गई। बीच-बचाव करने आए परिवार के एक अन्य सदस्य को भी चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही सीआर पार्क थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। दक्षिणी दिल्ली के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि पैसे के लेनदेन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था, जो अचानक हिंसक रूप ले बैठा। आरोपी ने झगड़े के दौरान चाकू से हमला कर दिया और फिर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी असद को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की गहन जांच जारी है। पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर रही है ताकि पूरी घटना की कड़ियां जोड़ी जा सकें।
दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान पहले ही हो चुकी थी और उसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही थी, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया।
इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और स्थानीय लोग इस तरह की वारदात से स्तब्ध हैं। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है ताकि पूरी सच्चाई सामने आ सके।





