Uttar Pradesh : गौतम बुद्ध नगर में औद्योगिक असामंजस्य सुलझाने के लिए उच्च स्तरीय समिति गठित

Gautam Buddh Nagar : उत्तर प्रदेश शासन ने जनपद गौतम बुद्ध नगर में उत्पन्न औद्योगिक असामंजस्य की स्थिति को देखते हुए एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया है। इस समिति का उद्देश्य संबंधित पक्षों के बीच प्रभावी संवाद स्थापित कर औद्योगिक सौहार्द और शांति व्यवस्था बनाए रखना है।
समिति की अध्यक्षता औद्योगिक विकास आयुक्त उत्तर प्रदेश करेंगे। इसके साथ ही सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के अपर मुख्य सचिव और श्रम एवं सेवायोजन विभाग के प्रमुख सचिव को सदस्य बनाया गया है। श्रम आयुक्त उत्तर प्रदेश (कानपुर) को सदस्य सचिव के रूप में शामिल किया गया है। समिति में श्रमिक संगठनों के पांच प्रतिनिधि और उद्यमी संघों के तीन प्रतिनिधि भी सदस्य के रूप में शामिल किए गए हैं।
यह उच्च स्तरीय समिति जनपद में पहुंच चुकी है और प्राथमिकता के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। समिति अपनी रिपोर्ट जल्द ही शासन को सौंपेगी। सूचना विभाग गौतम बुद्ध नगर ने यह जानकारी दी है।




