राज्यउत्तर प्रदेश

Greater Noida Power Cut: गौड़ सिटी में 2000 से अधिक फ्लैट अंधेरे में, 24 घंटे बाद भी बिजली बहाल नहीं

Greater Noida Power Cut: गौड़ सिटी में 2000 से अधिक फ्लैट अंधेरे में, 24 घंटे बाद भी बिजली बहाल नहीं

ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा क्षेत्र स्थित गौड़ सिटी सोसायटी में बिजली संकट ने हजारों लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। यहां 2000 से अधिक फ्लैटों में शनिवार शाम से बिजली आपूर्ति ठप है, जो रविवार शाम तक भी बहाल नहीं हो सकी। लंबे समय तक बिजली गुल रहने से निवासियों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।

सोसायटी के 16th एवेन्यू और पार्कव्यू अपार्टमेंट के निवासियों के अनुसार, शनिवार रात करीब 9 बजे अचानक बिजली चली गई। शुरुआत में लोगों को उम्मीद थी कि कुछ ही घंटों में सप्लाई बहाल हो जाएगी, लेकिन समय बीतने के साथ परेशानी बढ़ती चली गई। शिवशंकर, योगेश भाटी, सरवन अवाना, भूपेंद्र सिंह, राजेंद्र राणा, वीरेंद्र सिंह, धर्मेंद्र राय, रिंकू और जयप्रकाश समेत कई निवासियों ने इस समस्या की पुष्टि की।

निवासियों का कहना है कि उन्होंने तुरंत मेंटेनेंस विभाग से संपर्क किया, जहां से बताया गया कि Uttar Pradesh Power Corporation Limited (UPPCL) को सूचना दे दी गई है और फॉल्ट को सुबह तक ठीक कर लिया जाएगा। हालांकि, रविवार को भी बार-बार संपर्क करने पर केवल आश्वासन ही मिलता रहा, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।

लंबे समय तक बिजली न रहने के कारण घरों में लगे इन्वर्टर भी जवाब दे गए, जिससे पानी की सप्लाई, लिफ्ट और अन्य जरूरी सुविधाएं भी प्रभावित हो गईं। खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

निवासियों ने आरोप लगाया कि देर शाम तक जब बिजली बहाल नहीं हुई, तो बिल्डर और मेंटेनेंस टीम के कर्मचारी फोन उठाना भी बंद कर चुके थे, जिससे लोगों में आक्रोश और बढ़ गया। इस संबंध में सोसायटी के फैसिलिटी मैनेजर पीयूष कुमार से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे कोई जवाब नहीं मिला।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन और बिजली विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द तकनीकी खराबी को दूर कर बिजली आपूर्ति बहाल की जाए, ताकि उन्हें इस परेशानी से राहत मिल सके। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो वे सामूहिक विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

Related Articles

Back to top button