New Delhi : आईपी यूनिवर्सिटी के 18वें दीक्षांत समारोह में 26,649 छात्रों को डिग्रियां प्रदान

New Delhi : गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय के 18वें दीक्षांत समारोह में तरनजीत सिंह संधू और रेखा गुप्ता ने विद्यार्थियों को कुल 26,649 डिग्रियां प्रदान कीं। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया।

समारोह को संबोधित करते हुए तरनजीत सिंह संधू ने कहा कि दीक्षांत केवल शैक्षणिक यात्रा का अंत नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की दिशा में नई शुरुआत है। उन्होंने जोर दिया कि आज के दौर में शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसमें तार्किक सोच, अनुकूलन क्षमता और नवाचार की भावना का समावेश जरूरी है। उन्होंने कहा कि एआई और सस्टेनेबल इनोवेशन के तेजी से बदलते परिदृश्य में यही कौशल युवाओं की असली ताकत बनेंगे।

रेखा गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि दीक्षांत समारोह छात्रों के वर्षों के परिश्रम, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने युवाओं को विकसित भारत के सपने को साकार करने वाला ‘सारथी’ बताते हुए कहा कि उनकी प्रतिभा देश को वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा का उपयोग केवल व्यक्तिगत उन्नति के लिए नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के कल्याण के लिए भी होना चाहिए।

समारोह में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. महेश वर्मा और दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. योगेश सिंह सहित बड़ी संख्या में छात्र, अभिभावक और शिक्षक मौजूद रहे। विश्वविद्यालय द्वारा एआई, रोबोटिक्स, डेटा साइंस और डिजाइन इनोवेशन जैसे क्षेत्रों में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की गई। अटल इन्क्यूबेशन सेंटर के माध्यम से 170 से अधिक स्टार्टअप्स को समर्थन दिए जाने का भी उल्लेख किया गया, जिससे युवाओं को रोजगार खोजने के बजाय रोजगार सृजित करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

समारोह के दौरान 22,932 स्नातक, 3,582 स्नातकोत्तर, 11 एम.फिल. और 124 पीएचडी डिग्रियां प्रदान की गईं। पीएचडी प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में महिलाओं की भागीदारी 70 प्रतिशत रही, जो इस वर्ष की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि रही। इसके अलावा 76 गोल्ड मेडल और 6 मेमोरियल अवॉर्ड्स भी मेधावी छात्रों को दिए गए।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img