उत्तर प्रदेश : बुलंदशहर में कृषि, औद्योगिक एवं सांस्कृतिक प्रदर्शनी का शुभारंभ

Bulandshar News (अवनीश त्यागी) : सोमवार को बुलंदशहर में जिला कृषि, औद्योगिक एवं सांस्कृतिक प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ हुआ। इस ऐतिहासिक महोत्सव का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के वन, पर्यावरण, जन्तु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के राज्य मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने फीता काटकर, विधिवत पूजा-अर्चना करते हुए तथा कबूतर और गुब्बारे उड़ाकर किया। उद्घाटन के बाद राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, सुभाष चंद्र बोस और डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे। जिलाधिकारी श्रुति ने बताया कि यह महोत्सव अगले एक माह तक चलेगा, जिसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेल प्रतियोगिताएं, कवि सम्मेलन और विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को मनोरंजन के साथ-साथ कृषि, उद्योग और सरकारी योजनाओं की जानकारी भी प्राप्त होगी।
उद्घाटन अवसर पर प्रभारी मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने कहा कि यह प्रदर्शनी जिले की पुरानी परंपरा का हिस्सा है और वर्षों से लोगों को एक मंच पर लाने का कार्य कर रही है। यह आयोजन स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ-साथ सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार का भी माध्यम बनता है।
इस अवसर पर विधायक लक्ष्मी राज सिंह, विधायक मीनाक्षी सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अंतुल तेवतिया, ठाकुर सुनील सिंह, राजीव लोधी, जिलाधिकारी श्रुति, सीडीओ निशा ग्रेवाल, एडीएम (ई) प्रमोद पांडेय, एडीएम (एफ) अभिषेक सिंह, एडीएम (जे) भारत राम यादव, एसपी सिटी शंकर प्रसाद, सीओ सिटी प्रखर पांडेय सहित अन्य अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





