Noida Traffic Advisory: कांशीराम जयंती कार्यक्रम के चलते दलित प्रेरणा स्थल के पास बदले जाएंगे रास्ते

Noida Traffic Advisory: कांशीराम जयंती कार्यक्रम के चलते दलित प्रेरणा स्थल के पास बदले जाएंगे रास्ते
नोएडा में बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक कांशीराम की 92वीं जयंती के अवसर पर रविवार को सेक्टर-95 स्थित दलित प्रेरणा स्थल पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात पुलिस ने आसपास के इलाकों में ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर विशेष योजना तैयार की है। जरूरत पड़ने पर दलित प्रेरणा स्थल के सामने वाहनों के रास्तों में बदलाव किया जाएगा ताकि जाम की स्थिति से बचा जा सके और यातायात सुचारु बना रहे।
यातायात पुलिस अधिकारियों के अनुसार नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से होकर चिल्ला बॉर्डर की ओर जाने और आने वाले वाहनों के मार्ग में बदलाव किया जा सकता है। यदि दलित प्रेरणा स्थल के गेट नंबर-1 के सामने जाम की स्थिति बनती है तो ग्रेटर नोएडा की ओर से आने वाले वाहनों को महामाया फ्लाईओवर से सेक्टर-37 की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। इसके बाद वाहन अट्टा पीर चौक, रजनीगंधा चौराहा और सेक्टर-15 गोलचक्कर होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
इसी प्रकार यदि दलित प्रेरणा स्थल के गेट नंबर-4 और गेट नंबर-5 के सामने यातायात का दबाव बढ़ता है तो वाहनों को फिल्म सिटी फ्लाईओवर से सेक्टर-18 की ओर मोड़ दिया जाएगा। वहां से वाहन रजनीगंधा चौराहा और सेक्टर-15 गोलचक्कर के रास्ते आगे जा सकेंगे।
इसके अलावा चिल्ला बॉर्डर या डीएनडी से उतरकर ग्रेटर नोएडा की ओर जाने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं। जाम की स्थिति में सेक्टर-14 फ्लाईओवर के नीचे से वाहनों को सेक्टर-15 गोलचक्कर की तरफ भेजा जाएगा। वहां से वाहन रजनीगंधा चौराहा, अट्टा पीर चौक और सेक्टर-37 होते हुए ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे की ओर जा सकेंगे।
बसपा के जिलाध्यक्ष लखमी सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि रविवार सुबह 9 बजे से कांशीराम की जयंती पर पुष्पांजलि कार्यक्रम शुरू होगा। यह कार्यक्रम दलित प्रेरणा स्थल के गेट नंबर-5 के सामने मुख्य गुंबद के अंदर आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में बीएसपी के विभिन्न मंडलों, जिला और विधानसभा स्तर के पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है।
कार्यक्रम के दौरान आने वाले लोगों की सुविधा के लिए पार्किंग की भी विशेष व्यवस्था की गई है। चिल्ला बॉर्डर और डीएनडी की ओर से आने वाली गाड़ियां तथा सभी यात्री बसें फिल्म सिटी की बहुमंजिला पार्किंग में खड़ी की जा सकेंगी। वहीं परी चौक, सेक्टर-37 और ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ओर से आने वाले वाहन दलित प्रेरणा स्थल के गेट नंबर-1 से अंदर जाकर पार्क किए जा सकेंगे। इसके अलावा कालिंदी कुंज की ओर से आने वाले वाहनों के लिए सेक्टर-95 में गंदे नाले के पास बनी दलित प्रेरणा स्थल की पार्किंग निर्धारित की गई है।
यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कार्यक्रम के दौरान निर्धारित ट्रैफिक डायवर्जन का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर सहयोग दें, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ




