Noida STF Action: 50 हजार का इनामी गो-तस्कर आरिफ हुसैन गिरफ्तार, सोनीपत से दबोचा गया आरोपी

Noida STF Action: 50 हजार का इनामी गो-तस्कर आरिफ हुसैन गिरफ्तार, सोनीपत से दबोचा गया आरोपी

उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स की नोएडा यूनिट ने गो-तस्करी के एक बड़े मामले में फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आरिफ हुसैन के रूप में हुई है, जो मुरादाबाद का रहने वाला बताया जा रहा है। आरोपी के खिलाफ चंदौली जिले में दर्ज गो-तस्करी के मुकदमे में वह लंबे समय से फरार चल रहा था।

इस मामले की जानकारी देते हुए एसटीएफ नोएडा के अपर पुलिस अधीक्षक राज कुमार मिश्र ने बताया कि सोमवार को टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि गो-तस्करी के मामले में वांछित 50 हजार रुपये का इनामी अपराधी हरियाणा के सोनीपत के औद्योगिक क्षेत्र में छिपकर रह रहा है। सूचना मिलने के बाद एसटीएफ की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया।

इसके बाद आरोपी को पूछताछ के लिए ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर स्थित एसटीएफ नोएडा कार्यालय लाया गया। यहां पूछताछ और जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार आरिफ लंबे समय से गो-तस्करी के एक संगठित गिरोह से जुड़ा हुआ था और उसके खिलाफ कई सूचनाएं पहले से मिल रही थीं।

पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ कोतवाली थाना चंदौली में उत्तर प्रदेश गोहत्या निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज है। इस मामले में पुलिस अब आरोपी के नेटवर्क और उसके अन्य साथियों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसके मोहल्ले में रहने वाला हसीब नाम का व्यक्ति पहले से ही गो-तस्करी के अवैध कारोबार में शामिल था। उसी के संपर्क में आने के बाद आरिफ भी इस धंधे में शामिल हो गया। बाद में उसने इस अवैध कारोबार को व्यवस्थित तरीके से चलाने के लिए अपने नाम से एक कंटेनर खरीद लिया था। इसी कंटेनर में गोवंशीय पशुओं को भरकर विभिन्न राज्यों में तस्करी के लिए भेजा जाता था।

पुलिस जांच में सामने आया कि 25 मई 2024 को आरोपी ने अपने कंटेनर में कानपुर क्षेत्र के जंगलों से गोवंश को लोड कराकर अपने गिरोह के सदस्यों के जरिए बिहार के रास्ते पश्चिम बंगाल भेजने की योजना बनाई थी। हालांकि रास्ते में ही चंदौली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसके गिरोह के कुछ सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

इस कार्रवाई के बाद से ही आरिफ फरार चल रहा था और पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उस पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। लंबे समय तक फरार रहने के बाद वह हरियाणा में छिपकर रह रहा था, लेकिन आखिरकार एसटीएफ की टीम ने उसे पकड़ने में सफलता हासिल कर ली।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके गिरोह के अन्य सदस्यों और तस्करी के नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।

Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img