उत्तर प्रदेश : मंगलवार को चंद्रग्रहण के चलते हापुड़ में मंदिरों के कपाट रहेंगे बंद, सुबह 6:20 बजे से लगेगा सूतक

Hapur News : हापुड़ में मंगलवार को लगने वाले चंद्रग्रहण के कारण मंदिरों में दर्शन व्यवस्था प्रभावित रहेगी। सुबह 6:20 बजे से सूतक काल प्रारंभ होने के बाद शाम 6:47 बजे तक मंदिरों में श्रद्धालुओं के प्रवेश पर रोक रहेगी। इस दौरान मंदिरों के कपाट बंद रखे जाएंगे और नियमित पूजा-अर्चना भी स्थगित रहेगी।
जानकारी देते हुए पंडित संतोष तिवारी ने बताया कि तीन मार्च को चंद्र ग्रहण लगेगा, जो भारत में दृश्यमान रहेगा। ग्रहण दोपहर 3:20 बजे आरंभ होकर शाम 6:47 बजे समाप्त होगा। चंद्र ग्रहण का सूतक काल नौ घंटे पूर्व शुरू हो जाता है, इसी के अनुसार मंगलवार सुबह 6:20 बजे से सूतक प्रभावी हो जाएगा। हालांकि एनसीआर क्षेत्र में ग्रहण का प्रभावी दृश्य काल शाम 6:20 बजे से 6:47 बजे तक लगभग 25 मिनट का रहेगा।
उन्होंने बताया कि ग्रहण काल में विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता होती है। खासतौर पर गर्भवती महिलाओं को इस दौरान सोने और भोजन करने से बचना चाहिए तथा किसी भी वस्तु को काटने या छीलने से परहेज करना चाहिए। इस समय भगवान के नाम का जाप, गीता, रामायण और भागवत जैसे पवित्र ग्रंथों का स्वाध्याय करना शुभ माना जाता है। सूतक काल में भगवान की प्रतिमा का स्पर्श और नियमित पूजा-पाठ नहीं किया जाएगा, लेकिन ग्रहण के दौरान किया गया जप, तप, यज्ञ, व्रत और अनुष्ठान अनंत गुना फलदायी बताया गया है।
तीन मार्च को पूर्णिमा का व्रत भी रखा जाएगा। इस दिन शाम तक पूर्णिमा तिथि विद्यमान रहेगी और व्रत शाम व्यापिनी रहेगा। श्रद्धालु शाम 6:47 बजे चंद्र ग्रहण समाप्त होने के बाद भगवान श्री सत्यनारायण की पूजा-अर्चना कर चंद्रमा को अर्घ्य देंगे और इसके बाद अपना व्रत खोल सकेंगे।




