Noida Accident Crime: सेक्टर-50 में तेज रफ्तार कार की टक्कर, बरौला गांव में घर से चोरी

Noida Accident Crime: सेक्टर-50 में तेज रफ्तार कार की टक्कर, बरौला गांव में घर से चोरी
नोएडा में सड़क हादसे और चोरी की घटनाओं ने एक बार फिर कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सेक्टर-50 में तेज रफ्तार कार की टक्कर से स्कूटी सवार युवक घायल हो गया, जबकि सेक्टर-49 थाना क्षेत्र के बरौला गांव में एक घर से गहने और नगदी चोरी होने का मामला सामने आया है। दोनों मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहला मामला 15 फरवरी का है, जब सेक्टर-26 निवासी विकास बंसल के बेटे आर्यन बंसल अपने दोस्त आदित्य शर्मा के साथ स्कूटी से सेक्टर-76 मेट्रो स्टेशन से सेक्टर-62 की ओर जा रहे थे। शिकायत के मुताबिक जब वे सेक्टर-50 स्थित वेस्टसाइड कपड़ों के शोरूम के पास पहुंचे, तभी पीछे से तेज गति से आ रही सफेद रंग की स्कॉर्पियो कार ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। आर्यन बंसल को गंभीर चोटें आईं और उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। परिजनों की शिकायत पर सेक्टर-49 थाना पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
दूसरा मामला बरौला गांव का है, जहां एक घर में दिनदहाड़े चोरी की वारदात हुई। पीड़िता कलश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 13 फरवरी को वह सुबह करीब आठ बजे घर से निकली थीं। शाम लगभग सवा छह बजे जब वह वापस लौटीं तो घर का दरवाजा खुला मिला और अंदर का सामान बिखरा हुआ था।
जांच करने पर पता चला कि अलमारी में रखी सोने की अंगूठी, सोने के कान के बाली और चांदी की एक पायल चोरी हो चुकी थी। इसके अलावा एक नीले-काले रंग का बैग, चश्मा और कुछ इलेक्ट्रॉनिक सामान भी गायब थे। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है।
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं से स्थानीय लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जाएगा।





