Noida Accident: निर्माणाधीन मकान की शटरिंग गिरने से मजदूर की मौत, एक अन्य घायल

Noida Accident: निर्माणाधीन मकान की शटरिंग गिरने से मजदूर की मौत, एक अन्य घायल
नोएडा के थाना सेक्टर-113 क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां निर्माणाधीन मकान की शटरिंग अचानक गिरने से दो मजदूर मलबे में दब गए। घटना ग्राम सर्फाबाद में हुई, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान एक मजदूर की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार मोहित पाल पुत्र सुखपाल, निवासी ग्राम धर्मपुर, थाना पचदेवरा, हरदोई (वर्तमान पता ग्राम पर्थला, थाना सेक्टर-113, गौतमबुद्धनगर) और जीतू पुत्र बाबूलाल, निवासी ग्राम गंगुलियापुरा, थाना राजाखेड़ा, धौलपुर (राजस्थान) वर्तमान पता ग्राम सर्फाबाद, निर्माणाधीन मकान में शटरिंग का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक शटरिंग भरभराकर गिर गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-113 पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों मजदूरों को मलबे से बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने इलाज के दौरान मोहित पाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे मजदूर जीतू का इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही फील्ड यूनिट टीम ने भी मौके का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।
इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। मजदूरों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
भारत और पाकिस्तान टी20 विश्व कप 2024 में दो बार आमने-सामने हो सकते हैं। जानिए कैसे




