
Trade Deal Impact: नायब सिंह सैनी का विपक्ष पर हमला, बोले- अफवाह फैलाकर भ्रमित कर रही कांग्रेस
रिपोर्ट : कोमल रमोला
चंडीगढ़, 17 फरवरी। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विपक्ष पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि सरकार के खिलाफ कोई ठोस मुद्दा न होने के कारण विपक्षी दल अफवाह फैलाकर लोगों को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच हुई ट्रेड डील से देशभर के उद्योगपतियों में उत्साह का माहौल है और आम जनता भी इससे सकारात्मक बदलाव की उम्मीद कर रही है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रणनीति से कांग्रेस नेताओं के चेहरे मुरझाए हुए नजर आ रहे हैं।
मुख्यमंत्री हरियाणा निवास में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के कारण देश और प्रदेश में निवेश का माहौल मजबूत हुआ है। उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया गया है, जिससे हरियाणा निवेशकों की पहली पसंद बनकर उभरा है।
अपने हालिया जापान दौरे का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि इस दौरे के दौरान लगभग 5000 करोड़ रुपये के निवेश के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर हुए हैं। उन्होंने कहा कि कई निवेशकों ने हरियाणा में जमीन चिन्हित कर आगे की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। इसके अलावा विश्व की कई बड़ी कंपनियों ने भी राज्य में निवेश की इच्छा जाहिर की है और इस दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में इन निवेशों का सीधा लाभ प्रदेश के युवाओं को रोजगार के रूप में मिलेगा।
राज्य में औद्योगिक विकास को लेकर उन्होंने बताया कि पिछले बजट में घोषित 10 इंडस्ट्रियल मॉडल टाउनशिप (आईएमटी) में से 6 के लिए जमीन चिन्हित कर ली गई है और निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। उन्होंने कहा कि उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए इस बार के आम बजट में भी कई नई नीतियां लाई जा रही हैं, जिससे हरियाणा की अर्थव्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।
पंजाब में अपने दौरों को लेकर उठी राजनीतिक हलचल पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वहां पहले कांग्रेस और अब आम आदमी पार्टी की सरकार के कारण आर्थिक प्रबंधन कमजोर हुआ है। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा आर्थिक प्रबंधन के मामले में नंबर वन है और आगामी चुनाव में पंजाब में भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पंजाब की अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिलेगी।
किसानों के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार 24 फसलों की एमएसपी पर खरीद कर रही है और प्राकृतिक आपदा के समय किसानों को उचित मुआवजा देकर उन्हें संबल प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि पंजाब के किसान भी यह देख रहे हैं कि हरियाणा में किसानों के हितों की रक्षा किस प्रकार की जा रही है।
एचपीएससी के तहत बाहरी युवाओं को नौकरी दिए जाने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि मेरिट के आधार पर चयन प्रक्रिया होती है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के युवा भी पंजाब, उत्तरप्रदेश, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों में चयनित होते हैं, तो अन्य राज्यों के युवा भी योग्यता के आधार पर हरियाणा में नौकरी पा सकते हैं। सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ा रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष लगभग 36 हजार युवाओं को मेरिट के आधार पर नौकरी दी गई है, जबकि 12,500 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। इनमें से करीब 5,500 पद पुलिस विभाग में भरे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार देना सरकार की प्राथमिकता है और इस दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
पलवल जिले में अज्ञात बीमारी से हुई मौतों के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पूरी तरह सतर्क है। स्वास्थ्य विभाग की टीमों का गठन कर जांच शुरू कर दी गई है और पीड़ितों के इलाज के लिए हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और दोषियों या लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
भारत और पाकिस्तान टी20 विश्व कप 2024 में दो बार आमने-सामने हो सकते हैं। जानिए कैसे




