दिल्लीराज्य

India AI Impact Summit 2026: भारत मंडपम में विश्व के सबसे बड़े स्तन कैंसर स्क्रीनिंग अभियान ‘नमो शक्ति रथ’ की प्रस्तुति

India AI Impact Summit 2026: भारत मंडपम में विश्व के सबसे बड़े स्तन कैंसर स्क्रीनिंग अभियान ‘नमो शक्ति रथ’ की प्रस्तुति

रिपोर्ट : कोमल रमोला

नई दिल्ली | 17 फरवरी : भारत मंडपम में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने “नमो शक्ति रथ” को विश्व का सबसे बड़ा स्तन कैंसर स्क्रीनिंग कार्यक्रम बताते हुए इसे एआई आधारित सार्वजनिक स्वास्थ्य मॉडल के रूप में प्रस्तुत किया। सत्र का विषय था Driving AI Impact Through Real World Action – The NaMo Shakti Rath Mission।

अपने संबोधन में सांसद शर्मा ने एक निजी अनुभव साझा करते हुए बताया कि उनकी बहन, जो स्वयं डॉक्टर हैं, जॉन्स हॉपकिन्स में अध्ययन के दौरान स्तन कैंसर से पीड़ित पाई गईं। इसी अनुभव ने उन्हें प्रारंभिक पहचान की आवश्यकता को व्यापक स्तर पर लागू करने की प्रेरणा दी।

उन्होंने कहा कि NXT मंच केवल चर्चा का नहीं, बल्कि तकनीक को जमीनी स्तर तक पहुँचाने का माध्यम है। नमो शक्ति रथ को 17 सितंबर 2025 को हरियाणा में तथा 14 जनवरी 2026 को वाराणसी में प्रारंभ किया गया। वाराणसी में अब तक 30,000 से अधिक स्क्रीनिंग की जा चुकी हैं और अभियान निरंतर जारी है। यह पहल एआई आधारित थर्मल इमेजिंग, नॉन-इनवेसिव एवं नो-टच पद्धति तथा सुरक्षित डिजिटल मॉनिटरिंग प्रणाली से संचालित है।

सत्र में ऐश्वर्या पंडित शर्मा, चेयरपर्सन, iTV फाउंडेशन ने जमीनी अनुभव साझा करते हुए बताया कि अभियान महिलाओं में जागरूकता और आत्मविश्वास बढ़ा रहा है। निरामई हेल्थ एनालिटिक्स के सीओओ विकी नंदा ने कहा कि प्रारंभिक पहचान ही मृत्यु दर कम करने की कुंजी है और एआई आधारित थर्मल तकनीक बड़े पैमाने पर स्क्रीनिंग के लिए उपयुक्त है।

सीके बिरला अस्पताल के वरिष्ठ ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. मंदीप मल्होत्रा ने इसे भारतीय समस्या का भारतीय समाधान बताया। इंडियन कैंसर सोसाइटी की सचिव रेणुका प्रसाद ने समय पर जांच की आवश्यकता पर बल दिया। आईएमए के सहायक सचिव डॉ. संदीप दत्ता ने ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने और तकनीक आधारित भविष्य की स्वास्थ्य सेवाओं पर जोर दिया।

सांसद शर्मा ने कहा कि विकसित राष्ट्र की पहचान केवल आर्थिक प्रगति से नहीं, बल्कि रोके जा सकने वाले रोगों से घटती मृत्यु दर से होती है। नमो शक्ति रथ इसी दिशा में एक निर्णायक और संरचित पहल है।

Related Articles

Back to top button