
Indian Navy Half Marathon 2026: इंडियन नेवी हाफ मैराथन 2026 का दूसरा संस्करण सफलतापूर्वक संपन्न, हजारों प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
नई दिल्ली। भारतीय नौसेना द्वारा आयोजित इंडियन नेवी हाफ मैराथन का दूसरा संस्करण रविवार, 2 फरवरी को दिल्ली में उत्साह और जोश के साथ संपन्न हुआ। इस आयोजन में 21.1 किमी हाफ मैराथन, 10 किमी और 5 किमी की दौड़ में हजारों प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिससे यह सभी आयु वर्ग और पृष्ठभूमि के धावकों के लिए एक समावेशी और प्रेरणादायक खेल आयोजन बन गया।
मुख्य हाफ मैराथन को नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी ने सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी की उपस्थिति में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वहीं 10 किमी दौड़ की शुरुआत केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख एल. मांडविया ने नौसेना प्रमुख की उपस्थिति में की। इस अवसर पर पद्म भूषण सायना नेहवाल और पद्म भूषण पी.आर. श्रीजेश की गरिमामयी उपस्थिति ने प्रतिभागियों के उत्साह को और बढ़ाया।
दौड़ का मार्ग जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से शुरू होकर इंडिया गेट और कर्तव्य पथ से होकर गुजरा। वरिष्ठ नागरिकों और पूर्व सैनिकों के लिए विशेष वॉक और रन का आयोजन भी किया गया। 24 देशों के अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागियों की भागीदारी ने इसे वैश्विक स्तर पर मान्यता प्रदान की। 21.1 किमी हाफ मैराथन में पुरुष वर्ग का विजेता दिनेश और महिला वर्ग की विजेता रीमा पटेल रही। 10 किमी दौड़ में आदित्य त्यागी और रैमिनी पटेल, जबकि 5 किमी में चंदरपाल मैया और अंजलि ने प्रथम स्थान हासिल किया।
आयोजन ने न केवल फिटनेस और स्वास्थ्य के महत्व को प्रदर्शित किया, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और राष्ट्रीय गौरव का संदेश भी दिया। यह आयोजन नौसेना की खेल और स्वास्थ्य को बढ़ावा देने की पहल के साथ-साथ राष्ट्रीय एकता और खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने का उदाहरण भी रहा।





