Noida weather update: नोएडा-ग्रेटर नोएडा में मौसम की मार, पहली बार गिरे ओले और बढ़ा प्रदूषण स्तर

Noida weather update: नोएडा-ग्रेटर नोएडा में मौसम की मार, पहली बार गिरे ओले और बढ़ा प्रदूषण स्तर

नोएडा। शहर में मंगलवार को दिनभर मौसम बदला रहा और रुक-रुक कर बारिश होती रही। कई इलाकों में इस मौसम में पहली बार ओले भी गिरे, जिससे ठंड में इजाफा हुआ। इसके बावजूद हैरानी की बात यह रही कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा दोनों शहरों में वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ गया और एक्यूआई बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गया। सोमवार को जहां दोनों शहरों का एक्यूआई खराब श्रेणी में था, वहीं मंगलवार को इसमें तेज उछाल दर्ज किया गया।

सुबह से ही हल्की बारिश का सिलसिला शुरू हो गया था। शाम के समय सेक्टर-122, सेक्टर-125, सेक्टर-116, ग्रेटर नोएडा वेस्ट सहित कई इलाकों में बारिश के साथ ओले पड़े। कई जगह लोगों ने ओले गिरने के वीडियो भी बनाए और सोशल मीडिया पर साझा किए। मौसम के इस बदलाव के बीच नोएडा और ग्रेटर नोएडा का न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग की ओर से अधिकतम तापमान जारी नहीं किया गया।

प्रदूषण के आंकड़ों की बात करें तो नोएडा का एक्यूआई 331 और ग्रेटर नोएडा का 304 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है। सोमवार की तुलना में नोएडा के एक्यूआई में 112 अंक और ग्रेटर नोएडा के एक्यूआई में 82 अंक की बढ़ोतरी हुई। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर बारिश नहीं होती तो दोनों शहरों का एक्यूआई 400 के पार पहुंच सकता था। नोएडा में सेक्टर-116 और ग्रेटर नोएडा में नॉलेज पार्क-5 सबसे अधिक प्रदूषित क्षेत्र रहे।

पांच दिनों के बाद दोनों शहरों का एक्यूआई फिर से बेहद खराब श्रेणी में पहुंचा है। इससे पहले 22 जनवरी को एक्यूआई 300 के पार दर्ज किया गया था। प्रदूषण बढ़ने का मुख्य कारण पीएम 2.5 का स्तर बताया जा रहा है। जिले के सभी स्थानों पर पीएम 2.5 का स्तर पीएम 10 से अधिक दर्ज किया गया। कई जगह पीएम 2.5 का स्तर 400 के पार पहुंच गया, जबकि पीएम 10 का स्तर दो स्थानों पर 400 से अधिक रहा। विशेषज्ञों के अनुसार, वाहनों से होने वाला उत्सर्जन पीएम 2.5 बढ़ने का प्रमुख कारण है, जिससे शहर के कई इलाकों में जाम की स्थिति भी बनी रही।

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले छह दिनों तक न्यूनतम तापमान 10 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि अधिकतम तापमान 20 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। राहत की बात यह है कि बुधवार से प्रदूषण के स्तर में कुछ कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img